
मक्सी। शाजापुर जिले में बेरछा और मक्सी के बीच एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जहां ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम कर रही ट्रॉली से गोवा एक्सप्रेस जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में दो रेलवे कर्मचारियों (गैंगमैन) की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हैं। ट्रेन डायवर्टेड रूट से गुजर रही थी, तभी यह हादसा हुआ। रेलवे प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। आइए देखते हैं इस बड़ी दुर्घटना पर हमारी यह रिपोर्ट।
इंदौर और आसपास के रेल रूट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बेरछा और मक्सी के बीच झोंकर रेलवे फाटक के पास ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान यह दुर्घटना घटी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेरछा रेलवे स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर पीर उमरोद और मक्सी के बीच शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे PWI (स्थायी मार्ग निरीक्षक) की ट्रॉली पर 5 रेल कर्मचारी ट्रैक सुधारने के काम में जुटे थे।इसी दौरान डायवर्टेड रूट से गुजर रही ट्रेन नंबर 12780 ‘गोवा एक्सप्रेस’ उसी ट्रैक पर आ गई। ट्रेन के लोको पायलट ने हॉर्न भी बजाया, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने और कम दूरी के कारण कर्मचारी समय रहते ट्रॉली को ट्रैक से हटा नहीं पाए।
इस भीषण टक्कर में भगवान सिंह बिलमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप जायसवाल का पैर कट गया था।दिलीप के साथ ही विक्रम और सद्दाम को तत्काल मक्सी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रेफर कर दिया गया। उज्जैन में इलाज के दौरान दिलीप जायसवाल ने भी दम तोड़ दिया। गनीमत यह रही कि पांचवां कर्मचारी समय रहते ट्रॉली से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।हादसे का शिकार हुई गोवा एक्सप्रेस (12780) हजरत निजामुद्दीन से चलकर भोपाल होते हुए वास्कोडिगामा जाती है, जिसे पिछले 15 दिनों से मथुरा से भोपाल की ओर डायवर्ट करके चलाया जा रहा था। शुक्रवार को यह ट्रेन उज्जैन से भोपाल की ओर जा रही थी। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PR) मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रेन डायवर्टेड रूट पर थी और मेंटेनेंस कर्मचारियों को इसकी जानकारी थी या नहीं, इसकी प्रशासनिक स्तर पर सघन जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved