
काबुल। अफगानिस्तान(Afghanistan) में तालिबान(Taliban) और सेना (afghan army) के बीच संघर्ष चल रहा है। इसी बीच तालिबान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने अफगानिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर कब्जा (Taliban capture Kandahar) कर लिया है। उसने अभी सिर्फ राजधानी काबुल और अन्य क्षेत्रों को सरकार के हाथों में छोड़ रखा है।
तालिबान(Taliban) के एक प्रवक्ता ने आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त अकाउंट से ट्वीट किया कि कंधार पूरी तरह से जीत लिया गया है। मुजाहिदीन (तालिबान) शहर के शहीद चौक पर पहुंच गए हैं।
खबरों के अनुसार तालिबान का कई प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा हो गया है। इस आतंकी संगठन ने ऐसे छह शहरों की जेलों में बंद करीब एक हजार अपराधियों को रिहा कर दिया है। रिहा हुए अपराधियों में कई खूंखार आतंकी भी हैं। ये शहर पहले अफगान सरकार के नियंत्रण में थे।
वहीं, बढ़ती हिंसा और आतंकियों के संघर्ष के बीच अमेरिका और जर्मनी समेत कई देशों ने अपने नागरिकों से तत्काल देश छोड़ने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि तालिबानी समूह ने गुरुवार को सरकार के साथ सत्ता साझा करने से भी इनकार कर दिया। सरकारी सूत्रों की माने तो अफगान सरकार के वार्ताकारों ने तालिबान को देश में लड़ाई खत्म करने के बदले सत्ता-साझाकरण सौदे की पेशकश की थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved