
तेहरान। इजरायल ( Israel) पर 1 अक्टूबर की रात 200 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों (Ballistic Missiles) से हमला करने वाले ईरान (Iran) ने अमेरिका (America) और यूरोप (Europe) को लेकर बड़ा बयान दिया है। इजरायल पर हमले के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर (Supreme Leader) अयातुल्ला अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) का कहना है कि अगर अमेरिका और यूरोपीय देश पश्चिम एशिया क्षेत्र को छोड़ दें तो युद्ध, संघर्ष समाप्त हो जाएंगे। ईरान पश्चिम एशिया में मचे युद्ध और घमासान के लिए अमेरिका और यूरोप को भी दोषी मानता है।
ईरान का आरोप रहा है कि अमेरिका और यूरोप इजरायल को बढ़ावा देते हैं, जो कि पश्चिम एशिया में अशांति का कारण है। खामेनेई ने यह भी कहा कि अब जायोनियों का शासन खत्म हो चुका है। खामेनेई ने कहा कि हमें उम्मीद है कि ईश्वर की मदद, ईरानी लोगों के कठिन प्रयास, इस्लामी क्रांति से मिली प्रेरणा और अन्य देशों के सहयोग से इस क्षेत्र से हम अपने दुश्मनों को हटा देंगे। खामेनेई ने कहा कि यदि अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों की नजर इस क्षेत्र से हटा दी जाए तो निस्संदेह ये संघर्ष और युद्ध पूरी तरह से समाप्त हो जाएंगे। तब इस क्षेत्र के देश शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के साथ एक साथ रह सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved