
महिला का पति आर्मी का रिटायर्ड अधिकारी, देवास और सीहोर में एजेंट के रूप में करते थे काम
इंदौर। फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह से जुड़ी एक महिला को कल रात पुलिस ने देवास से गिरफ्तार किया था। उससे मिली सूचना के बाद एक और पांच हजार के इनामी को पुलिस ने सीहोर से गिरफ्तार किया। ये दोनों एजेंट के रूप में काम करते थे। बताते हैं कि महिला का पति आर्मी का रिटायर्ड अधिकारी है।
विजयनगर पुलिस ने 10 मार्च को बिजलपुर निवासी देवेश वरनदानी की रिपोर्ट पर प्लेटिनम ग्लोबल कंपनी के संचालक अतुल नेतनराम और उसके कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने एसआईटी बनाई थी और दो कर्मचारियों अनिल बिष्ट और हरदीप सलूजा को गिरफ्तार किया था। इन लोगों ने पूछताछ में बताया था कि गिरोह में मोनिका और सोनिया सोनगरा भी शामिल हैं, लेकिन ये दोनों फोन बंद कर फरार हो गई थीं। पुलिस ने फरार आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम रखा था। कल एसआईटी ने देवास से सोनिया और उसके भाई पुष्पेंद्र को पकड़ा था। पुष्पेंद्र की भूमिका की जांच चल रही है। इसके चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं ली गई है। एडीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि सोनिया का पति आर्मी का रिटायर्ड अधिकारी है और उसका एक बेटा है। उसके खातों की जांच की जा रही है। सोनिया की सूचना पर पुलिस को पता चला कि गिरोह का एक और सदस्य चेतन वर्मा सीहोर में है। इस पर एसआईटी ने वहां छापा मारकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उस पर भी पांच हजार का इनाम है। अब दोनों से पूछताछ की जा रही है। व्यास ने बताया कि ये लोग मल्टीलेवल मार्केटिंग का काम करते थे। इस दौरान इनका संपर्क अतुल से हुआ। अतुल ने अपनी कंपनी के लिए ग्राहक लाने के लिए इनको अपने साथ जोड़ा। ये लोग इन्वेस्टरों को ढूंढकर लाते थे और कंपनी में पैसा लगवाते थे। इनको अतुल दो प्रतिशत कमीशन देता था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved