
मुंबई से आए इंडिगो के विमान की लैंडिंग में हवा की गति और दिशा बनी बाधा, यात्री घबराए, ढाई घंटे बाद भोपाल से इंदौर लौटा विमान
इंदौर। इंदौर विमानतल (Indore Airport) पर कल दोपहर हवा की गति (wind speed) और दिशा अनुकूल न होने के चलते मुंबई (Mumbai) से आए विमान को उतारना पायलट (pilot) के लिए बड़ी चुनौती बन गया। पायलट ने विमान को उतारने के तीन प्रयास किए, लेकिन हर बार वह नाकाम रहा। इस दौरान विमान में सवार 195 यात्री घबराने लगे। विपरीत स्थिति देख पायलट ने विमान को डायवर्ट कर भोपाल ले जाने का निर्णय लिया। यहां भी विमान को दूसरे प्रयास में ही उतारा जा सका। इसके बाद तय समय से करीब ढाई घंटे देरी से विमान दोबारा इंदौर पहुंचा। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इंडिगो की फ्लाइट (6ई-5181/511) मुंबई से सुबह 11.50 बजे इंदौर आकर 12.20 बजे हैदराबाद जाती है। कल भी यह विमान तय समय पर इंदौर तक पहुंचा, लेकिन जब पायलट ने इसे उतारने की कोशिश की तो हवा की गति, दिशा और दबाव अनुकूल ना होने के कारण वह सफल नहीं हो पाया। इस पर उसने विमान का हवा में चक्कर लगाया। एक चक्कर लगाने के बाद फिर दोबारा प्रयास किया, लेकिन तब भी असफल रहा। पायलट ने लैंडिंग का तीसरा प्रयास किया, लेकिन तब भी स्थिति अनुकूल ना होने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इस पर पायलट ने विमान को डायवर्ट कर भोपाल में उतारा।
तीन बार से ज्यादा प्रयास नहीं किए जा सकते
नियम के अनुसार आंधी-तूफान, वर्षा के चलते यदि विमान के लैंडिंग में परेशानी आ रही है तो पायलट केवल तीन बार विमान को उतारने का प्रयास कर सकता है। इसके बाद उसे विमान को लैंडिंग के लिए कहीं और डायवर्ट करना ही पड़ता है।
विमान में सवार यात्री घबराए
विमान के बार-बार रनवे के समीप नीचे आने और फिर लैंडिंग के बजाए दोबारा उड़ जाने के प्रयासों से विमान में सवार यात्री बुरी तरह परेशान हो गए। फ्लाइट स्टाफ ने यात्रियों को बताया कि हवा की दिशा और गति अनुकूल न होने के कारण लैंडिंग अस्थिर हो रही है, जिसके चलते विमान को भोपाल डायवर्ट किया जा रहा है। जब विमान भोपाल पहुंचा तब यात्रियों को थोड़ी हिम्मत मिली। इसके बाद विमान भोपाल से दोपहर 2.20 बजे इंदौर वापस लौटा, तब विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved