
- हंगामे के बाद एयरलाइंस ने यात्रियों को शांत करते हुए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की, एलायंस की दिल्ली-गोवा उड़ान भी चार घंटे लेट, इंडिगो ने निरस्त की उदयपुर उड़ान
इंदौर (Indore)। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया की मुंबई से इंदौर आकर दिल्ली जाने वाली उड़ान पांच घंटे देरी से आई व गई। इस पर दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। इसी तरह एलायंस की दिल्ली-गोवा उड़ान भी चार घंटे से ज्यादा लेट रही। वहीं इंडिगो ने उदयपुर की उड़ान को निरस्त कर दिया। साथ ही कंपनी की नासिक, हैदराबाद और मुंबई की उड़ानें भी लेट रहीं। उड़ानों के लेट और निरस्त होने के कारण सैकड़ों यात्री सुबह से रात तक परेशान होते रहे।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई-635) सुबह 9.05 बजे मुंबई से इंदौर आकर 9.40 बजे दिल्ली जाती है, लेकिन कल यह फ्लाइट पांच घंटे लेट दोपहर 2 बजे मुंबई से इंदौर पहुंची और 2.55 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई। इस बीच परेशान यात्रियों ने एयरलाइंस से जानकारी मांगी तो कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर हंगामा शुरू कर दिया। एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने यात्रियों को शांत करवाने के साथ ही उनके लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की। इसी तरह एलायंस एयर की उड़ान (9आई-627) दिल्ली से दोपहर 2.50 बजे इंदौर आकर 3.15 बजे गोवा जाती है। वहीं वापसी में गोवा से रात 8.30 बजे इंदौर आकर 8.55 बजे दिल्ली जाती है, लेकिन कल यह फ्लाइट तय समय से चार घंटे देरी से शाम 6.50 बजे इंदौर पहुंची। इसके कारण इस उड़ान के आगे के सभी शेड्यूल भी बिगड़ गए और सभी उड़ानें चार से पांच घंटे तक लेट रहीं। रात 8.55 के बजाय फ्लाइट 1.10 बजे दिल्ली रवाना हुई। दोनों ही कंपनियों ने ऑपरेशनल कारणों से उड़ानों के लेट होने की बात कही है।
उदयपुर उड़ान निरस्त, नासिक चार घंटे लेट
इंडिगो एयरलाइंस ने कल अपनी इंदौर से उदयपुर जाकर वापस इंदौर आने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया। यह फ्लाइट शाम 5.20 बजे इंदौर से रवाना होती है और शाम 7.50 बजे वापस इंदौर आती है। इसके साथ ही कंपनी की दोपहर 1.15 बजे नासिक जाने वाली उड़ान चार घंटे देरी से शाम 5.15 बजे रवाना हुई। इनके लिए भी कंपनी ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।