
तिराना। अल्बानिया (Albania) दुनिया का पहला देश बन गया है, जिसने एक ‘AI मंत्री’ की नियुक्ति की है। यह कोई इंसान नहीं, बल्कि पिक्सल और कोड से बनी एक वर्चुअल मंत्री (Virtual Minister) है। इस AI मंत्री का नाम है डिएला (Diella), जिसका मतलब अल्बानियाई भाषा में “सूरज” होता है।
प्रधानमंत्री एडी रामा (PM Edi Rama) ने अपनी सोशलिस्ट पार्टी की एक बैठक में नई कैबिनेट में डिएला का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि डिएला को देश में भ्रष्टाचार (Corruption) से निपटने की ज़िम्मेदारी दी गई है। पीएम ने कहा कि “डिएला मेरी कैबिनेट की पहली सदस्य हैं जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artifical Intelligence) से वर्चुअली बनाई गई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “वह (डिएला) सुनिश्चित करेंगी कि अल्बानिया में सार्वजनिक निविदाएं 100% भ्रष्टाचार-मुक्त हों। मई में हुए चुनावों में चौथी बार सत्ता में आए रामा ने कहा कि डिएला को सभी सरकारी टेंडरों से संबंधित निर्णय लेने का अधिकार होगा। हर एक सार्वजनिक निधि को पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
अल्बानिया लगभग 28 लाख की आबादी वाला एक बाल्कन देश है, वहां वर्षों से सार्वजनिक निविदाएं भ्रष्टाचार का बड़ा स्रोत रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह देश ड्रग और हथियार तस्करी से कमाई को सफेद करने वाले गिरोहों का अड्डा बन चुका है और भ्रष्टाचार सत्ता के गलियारों तक पहुंच चुका है।
यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने की अल्बानिया की कोशिशों में सार्वजनिक प्रशासन में भ्रष्टाचार पर रोक लगाना एक अहम शर्त है। प्रधानमंत्री रामा का लक्ष्य है कि 2030 तक अल्बानिया EU का हिस्सा बने। हालांकि, सरकार ने यह नहीं बताया कि डिएला के संचालन में कोई मानवीय निगरानी होगी या नहीं। इस बात का भी जिक्र नहीं किया गया कि अगर कोई व्यक्ति AI को गलत तरीके से इस्तेमाल करे तो क्या होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved