
पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) ने कहा कि पटना की सभी निर्माणाधीन योजनाएं (All ongoing Projects in Patna) शीघ्र पूर्ण करें (Should be Completed Soon) । उन्होंने शनिवार को राजधानी पटना की कई निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बिहार के मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद समाधि स्थल के पास निर्माण कराए जा रहे लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क (बिहार गौरव पार्क) के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्क के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। इस थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर जेपी गंगा पथ अवस्थित है, यहां का दृश्य काफी मनोरम होगा। देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल एवं जेपी गंगा पथ के बीच 10 एकड़ भूमि में बिहार गौरव पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इस पार्क में बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास एवं संस्कृति के विभिन्न अवयवों को प्रदर्शित किया जाएगा।
थीम पार्क में बिहार की महान विभूतियों- आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक, लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं दशरथ मांझी की प्रेरणादायक गाथाओं को उद्धृत किया जाएगा। पार्क में बिहार की स्थापत्य कला नालंदा, विक्रमशिला, धार्मिक स्तूप, मंदिरों एवं मकबरों को दर्शाया जाएगा। देश के प्रथम राष्ट्रपति की याद में उनके वर्तमान स्मारक स्थल पर एक भव्य स्मृति परिसर का निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस क्रम में बांस घाट स्थित नए मुक्ति धाम परिसर का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वे गांधी मैदान के निकट बनाए जा रहे पटना हाट के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट घाट तक निर्माण कराए जा रहे सैरगाह का स्थल निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इन सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें, ताकि शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के अलावा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved