
शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को दिए कई निर्देश
इंदौर। अब वार्डों में सफाई कार्यों में जुटे महिला, पुरुष सफाई कामगारों को निगम की निर्धारित ड्रेस में कार्य करना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने अफसरों को कल बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि अब नियंत्रणकर्ता अधिकारी रोज सुबह-शाम अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकलें।
नगर निगम के स्टोर विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर सभी 19 झोनलों से लेकर विभिन्न स्थानों पर तैनात सफाई कामगारों को निर्धारित वर्दी हर वर्ष उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए बड़े पैमाने पर खरीदी की जाती है। वहीं महिला सफाई कामगारों को भी साडिय़ां निगम द्वारा दी जाती हैं। कई निगम कर्मचारी निर्धारित वर्दी पहनने के बजाय अपने अन्य कपड़ों में सफाई कार्यों को अंजाम देने के लिए वार्डों में पहुंचते हैं। कल निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने अफसरों से कहा कि हर वार्ड में सफाई कामगार निगम द्वारा निर्धाारित की गई ड्रेस में कार्य पर मौजूद रहें। साथ ही उनकी बायोमैट्रिक हाजिरी हर रोज ली जाए। हाजिरी के बाद अगर कोई कर्मचारी गायब है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियंत्रणकर्ता अधिकारी अपने-अपने वार्डों में रोज सुबह-शाम सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकलें, क्योंकि दिवाली के दौरान कई स्थानों पर कचरा नहीं उठाने की शिकायतें आ रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved