
नई दिल्ली. तमिलनाडु (Tamil Nadu) की राजनीति में सी जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) के बाद एक और सुपरस्टार की एंट्री की अटकलें शुरू हो गईं हैं। कोलावेरी डी फेम (‘Kolaveri Di’ fame) धनुष (Dhanush) के नाम की चर्चाएं हैं। हालांकि, इसे लेकर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, तमिलागा वेत्री कझगम ने उनका स्वागत करने की बात कही है। जबकि, AIADMK यानी ऑळ इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम ने बड़ी पोस्ट वाला न्योता भी दे दिया है।
दरअसल, राजनीति में धनुष की एंट्री के संकेत लंबे समय से मिल रहे हैं। हालांकि, कभी भी एक्टर या उनकी टीम ने इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा। हाल ही में एक बैठक हुई थी, जहां धनुष के फैन एसोसिएशन का नाम बदलकर धनुष नरपानी इयक्कम कर दिया गया था। इसका मतलब धनुष वेलफेयर मूवमेंट है। कोयंबटूर में हुए इस कार्यक्रम में करीब 3000 लोग शामिल हुए थे।
कितनी है धनुष की नेटवर्थ
धनुष की संपत्ति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में प्रकाशित हुए आंकड़े बताते हैं कि उनके पास करीब 230 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वह फिल्मों में एक्टिंग के अलावा प्रोडक्शन भी करते हैं। साल 2010 में उन्होंने अपनी कंपनी वंडरबार फिल्म्स की शुरुआत की थी। कहा जा रहा है कि कंपनी 20 से ज्यादा फिल्में बना चुकी है।
इसके अलावा धनुष ग्लोबल वेंचर्स नाम की भी उनकी एक कंपनी है। कहा जाता है कि एक्टर चेन्नई में जिस जगह रहते हैं, वह सबसे महंगे इलाकों में से एक है। उनके घर की कीमत एक रिपोर्ट में 150 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जो 19 हजार वर्ग फीट में फैला है और चार मंजिला है। साथ ही खबरें हैं कि अलवरपेट में भी उनकी एक संपत्ति है, जिसकी कीमत 18 करोड़ रुपये बताई जाती है।
मुख्यमंत्री विजय के पास कितनी संपत्ति
पेरम्बूर से विधायक मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के पास 648 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। यह जानकारी ADR यानी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट में दी गई है। उनकी पार्टी टीवीके ने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर 108 सीटें जीती थीं। साथ ही कांग्रेस समेत अन्य दलों के समर्थन से पहली ही बार में सरकार बनाने में भी सफलता हासिल की थी।
AIADMK में जाएंगे?
धनुष राजनीति में आएंगे या नहीं, यह अब तक साफ नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, AIADMK ने कह दिया है कि वह धनुष का स्वागत करेंगे, लेकिन उन्हें एडापड्डी के पलनीस्वामी को अपना नेता मानना होगा। राज्य के पूर्व मंत्री केटी राजेंद्र बालाजी ने शनिवार को कहा था, ‘धनुष बड़े कलाकार हैं, जिनका युवाओं पर खासा प्रभाव है। अगर वह AIADMK में शामिल होते हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे।’
पार्टी बनाने की अटकलें
अटकलें ये भी थीं कि धनुष ने एक नई पार्टी रजिस्टर्ड कराई है। हालांकि, डेक्कन हेराल्ड की एक रिपोर्ट में एक्टर के करीबी सूत्र ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया था। उन्होंने कहा था, ‘इन रिपोर्ट्स में कुछ भी सच नहीं है। धनुष न चुनाव आयोग के पास गए हैं और न ही तमिलागा एझुची कझगम नाम से पार्टी रजिस्टर्ड कराई है। ये झूठी बाते हैं, जो ऑनलाइन फैलाई जा रहीं हैं।’
TVK के क्या बोली
एनडीटीवी से बातचीत में टीवीके प्रवक्ता एम सत्य कुमार ने कहा था, ‘हम खुश हैं कि टीवीके राजनीतिक स्टार्ट अप्स के लिए प्रेरणा बन रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘विजय ने इसके लिए 30 सालों तक काम किया है। यह आसान नहीं है।’ उन्होंने यह भी कहा कि विजय का तरीका प्रेरणा बन सकता है, लेकिन एक राजनीतिक दल चलाना और चुनाव जीतने के लिए पूरा समय देना होता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved