
इंदौर। भाजपा के जिन मोर्चा और प्रकोष्ठ की मंडल और वार्ड स्तर तक कार्यकारिणी नहीं बनी है, उन्हें जल्द ही सूची बनाकर नगर संगठन को जमा करने के लिए कहा गया है, लेकिन कई नगर संयोजक अभी तक अपनी कार्यकारिणी की सूची तैयार नहीं कर पाए हैं। कइयों ने सूची तैयार कर ली है तो उस पर पार्टी के मंडल अध्यक्ष और पार्षदों को आपत्ति है कि उनके समर्थकों के नाम सूची में जोड़े जाएं।
भाजपा चुनाव के सालभर पहले से ही अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। दो दिन पहले नगर संगठन ने मंडल और वार्ड स्तर के पदाधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची जांचने का कार्य करें, ताकि मालूम चल सकें कि कितने फर्जी नाम मतदाता सूची में हैं या कितने वास्तविक नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इसी के बाद अब पार्टी के मोर्चा और प्रकोष्ठ से भी अपनी-अपनी कार्यकारिणी घोषित करने के लिए कहा गया है।
पार्टी ने मंडल अध्यक्ष तो घोषित कर दिए हैं, लेकिन वे अभी तक अपन कार्यकारिणी नहीं बना पा रहे हैं। कई जगह कार्यकारिणी में नामों को लेकर मंडल अध्यक्ष और पार्षद तथा पार्टी मुख्य मंडल अध्यक्ष में समन्वय नहीं बन पा रहा है। इस कारण भी नगर संयोजक अभी तक सूची नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि पुराने कई नाम ऐसे हैं, जो पद लेने के बाद घर बैठ गए हैं और पार्टी की गतिविधियों में नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर भी निगाह रखी जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved