24 घंटे में आवारा श्वान के 13 लोग हुए शिकार

  • जिला अस्पताल की ओपीडी में रेबिज के डोज प्रतिदिन लगाने का आंकड़ा 40 तक पहुंचा
  • आवारा श्वान समस्या की नगर निगम में 80 से ज्यादा शिकायतें पेंडिंग

उज्जैन। पिछले 24 घंटे में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आवारा श्वानों ने 13 लोगों को शिकार बनाकर घायल किया है। कल एक ही दिन में श्वान काटने का शिकार हुए एक दर्जन से ज्यादा लोग जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे और रेबिज का टीका लगवाया। इधर नगर निगम में आवारा श्वान समस्या की 80 से ज्यादा शिकायतें पेंडिंग चल रही है।
उल्लेखनीय है कि शहरवासी जहां एक ओर पूरे शहर में खुले घूम रहे मवेशियों से परेशान हैं और भाजपा का नगर निगम में नया बना बोर्ड भी इस मामले में अभी तक कोई अभियान या सख्त कार्रवाई शुरू नहीं कर पाया है। वहीं दूसरी ओर शहर में आवारा श्वानों की समस्या भी वैसी ही बनी हुई है। हालांकि नगर निगम का दावा है कि पिछले तीन साल से सदावल स्थित कुत्ता घर में आवारा श्वानों को पकड़कर रोज नसबंदी कराई जा रही है। लेकिन इससे आवारा श्वानों का रोज शिकार हो रहे लोगों के आंकड़े पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा। नगर निगम की सभी 6 झोन की मिलाकर कल शाम तक आवारा श्वानों की समस्या की 80 से ज्यादा शिकायतें हो चुकी थी और इनका निदान नहीं हो पाया था।


जिला अस्पताल में ओपीडी प्रभारी ने बताया कि कल शाम तक 24 घंटे की अवधि में जिला अस्पताल की ओपीडी में 13 नए मामले आए थे। इनमें सभी मरीज आवारा श्वानों के शिकार हुए हैं। कल सभी 13 नए मरीजों को ओपीडी में रेबिज इंजेक्शन का पहला डोज लगाया गया। आवारा श्वान के शिकार हुए इन 13 नए मरीजों को मिलाकर पूर्व से उपचाररत मरीजों की संख्या कल शाम 40 तक पहुंच गई थी। कुल मिलाकर जिला अस्पताल की ओपीडी में अब औसतन रोजाना आवारा श्वान के शिकार हुए लोगों को रेबिज के 40 डोज लगाए जा रहे हैं।

Leave a Comment