तेंदुए के पैर के निशान जहाँ देखे गए उस स्थान पर पिंजरे में एक बकरा भी रखा गया

  • उज्जैन के पास ताजपुर में पिछले 7 दिनों से दहशत फैला रहे तेंदुए को पकडऩे के लिए वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय

उज्जैन। ताजपुर गांव में पिछले 7 दिनों से दहशत मचा रहे तेंदुए को पकडऩे के लिए उज्जैन वन विभाग की टीम ने एक पिंजरा लगाया है। गांव में अभी भी दहशत का माहौल है।


उज्जैन के मक्सी रोड स्थित थाना पंवासा के ग्राम ताजपुर में पिछले 7 दिनों से ग्रामीणों में दहशत फैला रहे तेंदुए को पकडऩे के लिए उज्जैन से पहुँची वन विभाग की टीम ने एक पिंजरा लगाया है। वन विभाग की टीम ने जांच के बाद तेंदुए के पैर के निशान के आसपास जहां उसके आने जाने का रास्ता है, उस स्थान पर एक पिंजरा लगाया है। पिंजरे तक तेंदुए को लाने के लिए पिंजरे में एक बकरा भी रखा गया है। पिछले 7 दिनों से ताजपुर और तराना के आसपास के जंगलों में एक तेंदुआ ग्रामीणों द्वारा घूमता हुआ देखा गया है जिसका वीडियो बनाकर भी वन विभाग को दिया गया था। तेंदुए के डर से ग्रामीण किसानों ने खेत पर काम करना बंद कर दिया है। इस संबंध में ताजपुर के सरपंच मांगीलाल मालवीय और स्थानीय ग्रामीणों ने लोगों से रात में बाइक से निकलने से भी मना किया है। वन विभाग द्वारा कल पिंजरा लगाया गया है और लगातार सर्चिंग की जा रही है। इस मामले में वन विभाग का यह भी मानना है कि अधिक दूरी तक दौडऩे के कारण तेंदुआ क्षेत्र से निकल भी सकता है लेकिन पिंजरा लगाया गया है और सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला ट्रेंकुलाइजर सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं के साथ तेंदूए को पकडऩे पहुँचेगी।

Leave a Comment