संघवी-दरबार के साथ कांग्रेसियों के जत्थे भोपाल रवाना

  • आज भोपाल के भाजपा कार्यालय में लेंगे सदस्यता

इंदौर। कांग्रेस नेता पंकज संघवी और अंतरसिंह दरबार आज भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। दरबार ने बड़े स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल जाने की तैयारी की है। आज सुबह महू से उनका काफिला भोपाल की ओर रवाना हुआ, वहीं संघवी भी अपने घर से कार्यकर्ताओं को लेकर भोपाल पहुंच रहे हैं। हालांकि संघवी सालों पहले भाजपा में ही थे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए थे।

भाजपा कार्यालय भोपाल में इन नेताओं को मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा सदस्यता दिलाए जाने का कार्यक्रम तय किया गया है। आज कुछ और कांग्रेसी भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे हैं। सुबह सबसे पहले अंतरसिंह दरबार के साथ गाडिय़ों का काफिला महू से निकला और भोपाल पहुंच रहा है। दरबार के साथ कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी और पूर्व पार्षद भी हैं। दरबार महू से दो बार के विधायक रहे हैं और पिछले साल ही चुनाव में उषा ठाकुर और रामकिशेर शुक्ला को कड़ी टक्कर दी थी।

हालांकि वे चुनाव हार गए थे। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया था, लेकिन दरबार लगातार सक्रिय रहे। दरबार के भाजपा में शामिल होने के बाद महू में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगने की संभावना है। कांग्रेस नेता पंकज संघवी भी आज अपने कार्यकर्ताओं और गुजराती समाज के लोगों के साथ भोपाल रवाना हुए। करीब 200 दोपहिया वाहन और 2 बसों के माध्यम से कांग्रेसियों का जत्था भोपाल पहुंच रहा है, जहां दोनों नेता भाजपा में शामिल होंगे। संघवी के भाजपा में जाने के बाद गुजराती समाज का एक बड़ा धड़ा टूटकर भाजपा समर्थित हो जाएगा। हालांकि संघवी सालों पहले भाजपा में ही थे।

Leave a Comment