अरविंद केजरीवाल को समन के बाद अब पंजाब तक पहुंची ED, मोहाली के आप MLA पर छापा

नई दिल्ली। कथित शराब घोटाले की जांच की आंच अब दिल्ली (Delhi) से पंजाब (Punjab) तक पहुंच गई है। पंजाब के मोहाली में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के विधायक कुलवंत सिंह (MLA Kulwant Singh) के घर पर ईडी ने छापेमारी की है। कुलवंत सिंह के दफ्तर पर भी ईडी की टीम ने तलाशी ली है। अब भी टीम उनके आवास और दफ्तर पर ही मौजूद है। ईडी फिलहाल अमृतसर, लुधियाना और मोहाली में शराब डीलरों के खिलाफ भी ऐक्शन ले रही है। उनको लेकर एजेंसी जांच में जुटी है। सूत्रों के मुकाबिक ईडी कुलवंत सिंह के घर और दफ्तर में मौजूद दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

अब तक ईडी ने यह जानकारी आधिकारिक तौर पर नहीं दी है कि कुलवंत सिंह के घर पर रेड किस मामले में मारी गई है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह मामला शराब घोटाले का ही है। हाल ही में पर्यावरण मंजूरी के एक मामले में भी कुलवंत सिंह पर आरोप लगे थे। इसे लेकर गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने भगवंत मान को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने मान से कहा था कि आपके विधायक ही यहां रियल एस्टेट का कारोबार कर रहे हैं। इसकी आड़ में वे नियमों का उल्लंघन भी कर रहे हैं, जिस पर लगाम कसने की जरूरत है।

कुलवंत सिंह पर छापे ने पंजाब की राजनीति में भी उबाल पैदा कर दिया है। बिक्रम जीत सिंह मजीठिया ने ट्वीट कर कहा है कि पंजाब में भी 550 करोड़ रुपये का शराब घोटाला हुआ है। मजीठिया ने ट्वीट किया, ‘ईडी ने आप विधायक कुलवंत सिंह पर दिल्ली और पंजाब के शराब घोटाले को लेकर छापा मारा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को समन जारी करने के बाद अब ईडी ने अब शराब घोटाले के पंजाब लिंक को खोलना शुरू किया है। यह जरूरी है कि पंजाब में हुए 550 करोड़ रुपये के शराब घोटाले को उजागर किया जाए। जिसका सीधा फायदा सीएम भगवंत मान और हरपाल चीमा को मिला है।’

Leave a Comment