हड़ताल के बाद बैकफुट पर लुफ्थांसा एयरलाइंस, पायलटों की वेतन वृद्धि पर बनी सहमति

नई दिल्ली। जर्मनी में पायलटों की लगातार हड़ताल के बाद लुफ्थांसा एयरलाइंस बैकफुट पर आ गई है। उसने पायलट यूनियन की मांगो को मानते हुए लुफ्थांसा और लुफ्थांसा कार्गो में अपने पायलटों को इस साल 5.5 प्रतिशत वेतन वृद्धि देने की घोषणा की है। पायलट यूनियन ने इस पर सहमति व्यक्त की है। इसके बाद पायलटों को दो चरणों में 490 यूरो के अपने मूल मासिक वेतन में यह बढ़ी हुई वृद्धि मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया, यह वेतन वृद्धि एक अगस्त 2022 से 1 अप्रैल 2023 तक प्रभावी होगी। समझौते के तहत पायलट 30 जून, 2023 तक हड़ताल पर नहीं जा सकेंगे, जिससे कि उड़ानें बाधित हों। बता दें, बीते दिनों लुफ्थांसा एयरलाइंस के पायलट हड़ताल पर चले गए थे, जिससे एयरलाइंस को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

800 उड़ानें हुई थीं रद्द
पायलटों की हड़ताल के कारण बीते दिनों लुफ्थांसा एयरलाइंस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। बीते दिनों हड़ताल के कारण एयर लाइन की 800 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं, जिससे 1.30 लाख यात्री प्रभावित हुए थे। इस हड़ताल के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर भी हंगामा हुआ था।

Leave a Comment