दिल्ली में बिगड़ा एलायंस एयर का विमान, पौने पांच घंटे देरी से आया

  • दिल्ली और ग्वालियर की छह उड़ानें घंटों लेट, परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा

इंदौर। देश की एकमात्र सरकारी एयर लाइंस एलायंस एयर सरकारी ढर्रे से बाहर नहीं निकल पा रही है। कंपनी के विमान लगातार बिगड़ रहे हैं, जिससे उड़ानें लेट और निरस्त हो रही हैं। कल भी कंपनी का विमान इंदौर आने से पहले दिल्ली में खराब हो गया। इसके चलते इंदौर से जुड़ी कंपनी की दिल्ली और ग्वालियर की 6 उड़ानें घंटों देरी से आई व गई। परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक एलायंस एयर की फ्लाइट सुबह 11.30 बजे दिल्ली से रवाना होकर 1.40 बजे इंदौर आती है और यहां से 2.05 बजे ग्वालियर जाती है। ग्वालियर से शाम 5.20 बजे इंदौर आकर 5.45 बजे वापस दिल्ली जाती है। वहीं दिल्ली से शाम 7.40 बजे इंदौर आकर 8.05 बजे वापस दिल्ली जाती है, लेकिन सुबह इंदौर आने से पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते विमान का सुधार शुरु किया गया।

सुधार के बाद यह विमान यात्रियों को लेकर शाम 4.40 बजे दिल्ली से रवाना हुआ और तय समय से पौने पांच घंटे देरी से शाम 6.20 बजे इंदौर पहुंचा। यहां से यात्रियों को लेकर शाम 7 बजे ग्वालियर के लिए रवाना हुआ। पहली उड़ान के लेट होने के कारण सभी छह उड़ानें लेट हुई और आखिरी उड़ान रात 11.40 बजे इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। उड़ानों के लेट होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।

कंपनी ने यात्रियों को देरी के कारणों की जानकारी देने के साथ ही रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प देते हुए शांत किया, लेकिन यात्रियों को दोपहर से रात तक एयरपोर्ट पर परेशान होना पड़ा। कंपनी की उड़ानें पहली भी कई बार विमान बिगडऩे से लेट और निरस्त हो चुकी हैं।

Leave a Comment