अक्षर पटेल ने मैच विनिंग छक्के के साथ तोड़ा MS धोनी का 17 साल पुराना रिकॉर्ड


नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने 17 साल पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ छक्कों का एक खास रिकॉर्ड बनाया था, जिसे अक्षर पटेल ने ध्वस्त कर डाला है। अक्षर पटेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वीन्स पार्क ओवल मैदान पर खेले गए मैच में 35 गेंदों पर नॉटआउट 64 रन ठोके और भारत को नामुमकिन सी दिख रही जीत दिलाई। मैन ऑफ द मैच बने अक्षर पटेल ने इस पारी के दौरान महेंद्र सिंह धोनी का 17 साल पुराना छक्कों का खास रिकॉर्ड तोड़ा।

धोनी ने 2005 में जिम्बाब्वे के खिलाफ लक्ष्य का सफलता पूर्वक पीछा करते हुए सात नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के लगाए थे। वनडे में भारत की ओर से लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए नंबर सात या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने तब तीन छक्के लगाए थे। इसके बाद यूसुफ पठान ने 2011 में दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ धोनी की बराबरी की थी।

अक्षर पटेल ने यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपनी 64 रनों की पारी के दौरान पांच छक्के लगाए। इस तरह से उन्होंने धोनी और पठान को पीछे छोड़ दिया है। अक्षर भारत की ओर से इस मैच में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 311 रन बनाए थे, जवाब में भारत ने 49.2 ओवर में आठ विकेट पर 312 रन बनाकर मैच जीत लिया।

Leave a Comment