Taiwan में भी दिखा रामभक्ति का रंग, इस्कॉन की भजन संध्या में झूमे भारतवंशी

ताइपै (Taipei)। ताइवान (Taiwan) में भारतीय समुदाय (Indian community ) ने राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा (Ayodhya Ram Temple Pran Pratishtha) की पूर्व संध्या पर ‘भजन-कीर्तन’ का आयोजन किया। ताइवान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों के बीच उत्सव और उल्लास का माहौल देखा गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा (Ayodhya Ram Temple Pran Pratishtha) के उत्सव की बधाई दी। अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम में आध्यात्मिक उत्साह और लोगों का भजन-कीर्तन देखा गया। इस्कॉन की तरफ से आयोजित समारोह में श्रद्धालुओं को राम धुन गुनगुनाते देखा गया।

ताइवान में रहने वाले भारतवंशियों के बीच राम मंदिर का उत्साह
आध्यात्मिक माहौल में भजन-कीर्तन में डूबे लोगों को देखकर माहौल राममय हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऐसे आयोजनों से भारतवंशियों की मौजूदगी के कारण ताइवान के साथ गहरे होते सांस्कृतिक संबंधों का प्रमाण मिलता है। इंडियन एसोसिएशन ऑफ ताइवान ने कहा कि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग का इंतजाम किया जा रहा है। समुदाय से जुड़े सदस्य अपने घरों से भी समारोह देख सकेंगे और रामभक्ति के रंगों में सराबोर हो जाएंगे। भारत ताइवान एसोसिएशन के महानिदेशक मनहर सिंह यादव ने बताया कि ताइवान में भारतीय प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और विभिन्न आयोजनों में सक्रिय भागदारी के लिए धन्यवाद दिया।

क्या है अयोध्या का पूरा कार्यक्रम
बता दें कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हो रहा है। 22 जनवरी को इसमें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया है कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्यूनतम विधि-अनुष्ठान रखे गए हैं। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा विधि दोपहर 12:20 बजे शुरू होगी। दोपहर एक बजे प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा हो जाएगा।

Leave a Comment