दिग्विजय के खिलाफ ग्वालियर के बाद भोपाल में भी शिकायत दर्ज

  • ट्वीटर पर गैंगरेप पीडि़ता का फोटो वायरल करने का मामला

भोपाल। ट्वीट पर पोस्ट एवं फोटो अपलोड करने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आए दिन विवादों में रहते हैं। उन्होंने हाल ही में उप्र के हाथरस की गैंगरेप पीडि़ता के फोटो अपने ट्वीट पर अपलोड किए। जिसको लेकर मप्र भाजपा ने ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई। अब भोपाल में दिग्विजय के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है। भाजपा नेता व खाद्य आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हितेश वाजपेयी, संतोष शर्मा व प्रतिनिधिमंडल ने आयोग में कहा कि दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक दुष्कर्म पीडि़ता की तस्वीर को सार्वजनिक किया। एक अस्पताल का फोटो एवं एक साधारण फोटो भी शेयर किया। यह किसी की निजता का हनन है। उन्होंने आरक्षित वर्ग की जनता के मन में वैमनस्य फैलाने के उद्देश्य से उक्त पोस्ट डाली है। शिकायत में कहा है कि दिग्विजय सिंह ने उक्त फोटो में कांट छांटकर अन्य लड़की का फोटो लगा दिया है और उसे दुष्कर्म पीडि़त लड़की बताया है, जबकि उक्त बालिका का 2 वर्ष पूर्व चंडीगढ़ में निधन हो चुका है। इसलिए दिग्विजय सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इससे पहले भाजपा आईटी सेल के संयोजक शिवराज सिंह डाबी ने ग्वालियर पुलिस में दिग्विजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। डाबी ने कांग्रेस सरकार के समय भी दिग्विजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। तब दिग्विजय ने ट्वीट के जरिए डाबी को अमेरिका जांच एजेंसी आईएफबी का भगोड़ा बताया था। अभी तक एक भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई है।

Leave a Comment