महू में दरबार और शुक्ला में आंतरिक सर्वे

  • 3 नंबर में भी यही स्थिति, आखिरी सर्वे करा रहे हैं कांग्रेस के नेता

इंदौर (Indore)। पुराने कांग्रेसी नेता रामकिशोर शुक्ला के फिर से कांग्रेस में शामिल होने के बाद महू में कांग्रेस में दावेदारी की लड़ाई शुरू हो गई है। दोनों ही नेता टिकट के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। दोनों की दावेदारी को देखते हुए पार्टी द्वारा आंतरिक सर्वे करवाया गया है, जिसके आधार पर दोनों में से एक नाम तय किया जाएगा।

लगातार तीन बार से इस सीट पर हार रहे अंतरसिंह दरबार इस बार फिर चुनावी मैदान में दम दिखाने को तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस तीन बार से हारने वालों को टिकट नहीं देने के मूड में है। दरबार दिग्गी दरबार के खास माने जाते हैं और उन्हें दिग्विजयसिंह टिकट का इशारा कर चुके हैं, लेकिन पुराने कांग्रसेी नेता रामकिशोर शुक्ला के फिर से कांग्रेस में आने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच पार्टी ने आंतरिक सर्वे करवाया है, जिसमें शुक्ला को टिकट मिलने की संभावना ज्यादा है।

अगर टिकट बंटवारे में कोटा चला तो दरबार का नाम फिर तय है। यही स्थिति 3 नंबर विधानसभा में बन गई है। अपनी दावेदारी पुख्ता बताने वाले पिंटू जोशी के सामने अरविंद बागड़ी ने मुश्किल पैदा कर दी है। बागड़ी अग्रवाल समाज के बल पर टिकट चाह रहे हैं। तीसरे नंबर पर अश्विन जोशी ने अभी भी मैदान पकड़ रखा है। हालांकि मुख रूप से लड़ाई पिंटू और अरविंद के बीच ही आ टिकी है। 4 नंबर में अक्षय बम और राजा मंधवानी ही मुकाबले में हंै और बम का नाम पहले नंबर पर है। बम ने तो अपना कार्यालय खोलकर काम चालू भी कर दिया है। सत्यनारायण पटेल और स्वप्निल कोठारी के बीच जरूर पांच नंबर विधानसभा में रस्साकशी चल रही है। दोनों नामों में से किसी एक नाम का फैसला पहली सूची में होने की संभावना है।

Leave a Comment