हलकी धूप के साथ बढ़ा दिन का पारा अब भी सामान्य से 5 डिग्री कम

रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा, सुबह छाया रहा कोहरा

इन्दौर। शहर (City) में कई दिनों से जमे बादल अब छंटने लगे हैं। कल से दिन में एक बार फिर धूप खिलने लगी है। इसके कारण दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, हालांकि यह अब भी सामान्य से 5 डिग्री कम है। वहीं रात का तापमान ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम खुलने के साथ ही अब लगातार तापमान में कमी देखने को मिलेगी।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम, लेकिन परसो की अपेक्षा 2.5 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम रफ्तार 21 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। आज सुबह शहर में कुछ समय के लिए कोहरा भी छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर एक हजार मीटर तक पहुंच गई थी। हालांकि बाद में कोहरा छंट गया और स्थिति सामान्य हो गई।

Leave a Comment