कड़ाके की ठंड से ठिठुरेंगे दिल्ली-MP, UP में छाएगा कोहरा, जाने अन्‍य राज्‍यों का हाल

नई दिल्‍ली (New Delhi) । देश के अधिकांश इलाकों में कोहरे (fog) का प्रभाव बढ़ता रहा है। रविवार सुबह पंजाब (Punjab), राजस्थान (Rajasthan), मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। अमृतसर और गंगानगर में शून्य दृश्यता के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं, यूपी और उत्तराखंड में भी हाईवे पर गाड़ियां रेंगकर चलतीं दिखाई दीं। उधर, दिल्ली में हल्के कोहरे की वजह से थोड़ी राहत रही। आईएमडी ने दिल्ली में 25 से 28 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

राजस्थान में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को सीकर जिले का फतेहपुर न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। इस बीच, रविवार को पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा।

अगले एक सप्ताह तक राज्य में कोहरा, कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। मध्य प्रदेश में भी 26 दिसंबर से ठंड बढ़ेगी। उधर, तमिलनाडु के नीलगिरी में रविवार (24 दिसंबर) को तापमान 0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे सड़कों और गाड़ियों पर बर्फ जम गई। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अगले 5 दिन तक हल्की बारिश की आशंका जताई है।

गंभीर श्रेणी में पहुंची दिल्ली की हवा, एक्यूआई 417
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य है। जबकि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि चार दिन घने कोहने के बाद 29 से 30 दिसंबर तक हल्का कोहरा छाया रहेगा। रविवार सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 417 था, जो गंभीर श्रेणी में आता है। रविवार को पूरे एनसीआर क्षेत्र में हल्का कोहरा छाया रहा। अगले सप्ताह न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड में वृद्धि होगी।

कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप, पारा शून्य से नीचे
कश्मीर में दो दिनों की राहत के बाद रविवार को ठंड बढ़ गई और घाटी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। रविवार को गुलमर्ग में तापमान -1.5 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर में दो दिन बारिश व बर्फ गिरने के असार हैं। कश्मीर इस समय हाड़ कंपाने वाली सर्दी के दौर ‘चिल्लई कलां’ से गुजर रहा है जो 31 जनवरी को समाप्त होगा।

नए साल के जश्न पर मनाली में ट्रैफिक जाम
लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। होटल और होम स्टे की एडवांस बुकिंग हो रही है। रविवार को पयर्टकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लोग अटल टनल में करीब छह घंटे तक फंसे रहे। अटल टनल पर फंसे लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मनाली में भी पटर्यकों भीड़ उमड़ने पर ट्रैफिक जाम लग गया। लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में एक-दो दिन हल्की बूंदाबांदी और बर्फबारी के आसार हैं। अधिकारियों ने लोगों को हिमपात और बारिश के मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी है।

जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग धंसा, यातायात बाधित
रामबन जिले में चार-लेन परियोजना पर चल रहे काम के बीच लगभग 100 मीटर की दूरी पर धंसने के बाद रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात छह घंटे से अधिक समय तक निलंबित रहा। 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्से से हर मौसम में जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। यातायात अधिकारियों ने बताया कि रामसू के पास हिंगनी में सुबह करीब साढ़े दस बजे 100 मीटर की सड़क धंस गई थी। एजेंसी ने पहाड़ी को काटकर शाम करीब साढ़े चार बजे यातायात आंशिक रूप से बहाल किया गया।

तेलंगाना में पाटनचेरू सबसे ठंडा
तेलंगाना के पाटनचेरू में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक राजधानी हैदराबाद में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दैनिक मौसम रिपोर्ट में कहा कि अगले सात दिनों में राज्य का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

आंध्र, रायलसीमा में बारिश के आसार
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में सोमवार को मध्यम बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी ने रविवार को बताया कि सोमवार को छोड़कर अगले सात दिनों के दौरान उत्तरी-दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में शुष्क मौसम होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा पर पूर्वोत्तर मानसून कमजोर रहा है। शनिवार देर रात रायलसीमा के आरोग्यवरम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Comment