बागेश्वर वाले धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- राम सबके, मंदिर और जातिवाद से जुड़ी बात पर ये कहा

छतरपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान राम (Bhagvan Ram) की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने-माने कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री (Pandit Dhirendra Shastri) भी जा रहे हैं। बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) के पीठाधीश्वर (Peetadhishwar) ने इस दिन को दीपावली से भी बड़ा दिन बताया है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री राम मंदिर जाने को लेकर अति उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि राम मंदिर आज तक की समस्त सनातनियों की सबसे बड़ी विजय है। यह उत्सव दीपावली से बहुत ज्यादा खास है। निश्चित ही कोई अभागा होगा, जिसको इस दिन का इंतजार न हो। हमको तो है, राम भक्तों को है। केवल भारतीयों को नहीं, दुनियाभर में रहने वाले भारतवंशियों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार है। धीरेंद्र शास्त्री ने सभी लोगों से अपील की है कि सभी इस दिन दीपावली मनाएं। उत्सव का उत्साह बहुत है। प्रेम अधिक होता है तो वाणी कम बोलती है, आंखें ज्यादा बोलती हैं। ठुमका लगाने को जी चाहता है। अयोध्याजी जाने को जी चाहता है।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम सबके हैं, राम जन-जन के हैं। राम विश्व व्यापक हैं। राम विश्व के आधारभूत हैं। राम बहुत बड़े नायक हैं। राम इस देश के प्राण हैं। जिनको भी सांस और प्राण की जरूरत है, राम उनके हैं। शास्त्री ने कहा कि जातिवाद के लिए राम मंदिर नहीं हो रहा। शबरी का मंदिर बन रहा, निषादराज का भी मंदिर बन रहा है तो क्या ये जातिवाद के लिए बन रहा है? जातिवाद के लिए मंदिर नहीं है, अपितु राम भक्तों की आस्था के लिए मंदिर बन रहा है।

बता दें कि इससे पहले बाबा बागेश्वर ने मीडिया से बातचीत में राम मंदिर पर बयानबाजी करने वाले लोगों रावण के खानदान का बताया था। उन्होंने कहा था कि अब राम मंदिर पर टिप्पणी करने वाले को अब तो सचेत हो जाना चाहिए। कोर्ट ने भी माना है कि अयोध्या में रामजी प्रकट हुए थे। अब भी अगर आपने राम को काल्पनिक बोला तो आपको नानी याद आ जाएगी।

Leave a Comment