हर खेत को सिंचाई का पानी और हर घर को नल से जल मिलेगा: शिवराज

– मुख्यमंत्री ने 313 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन
– हितग्राहियों को वितरित किये हितलाभ, क्षेत्र के विकास के लिये कई घोषणाएँ की

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा (irrigated area) लगातार बढ़ाया जा रहा है। विभिन्न सिंचाई योजनाओं (irrigation schemes) के माध्यम से हर खेत तक पानी और जल-जीवन मिशन (Jal-Jeevan Mission) द्वारा हर घर में नल से जल पहुंचाया जाएगा। कटनी क्षेत्र के लिए 1011 करोड़ रुपये की बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना स्वीकृत हुई है। परियोजना से 80 हजार एकड़ में सिंचाई होगी और कटनी तहसील के पांच, बहोरीबंद के 86 गाँव, रीठी के 17 और स्लीमनाबाद के 43 गाँवों को पानी मिलेगा। जल-जीवन मिशन से कटनी जिले में रीठी जनपद के 109 और कटनी जनपद के 50 ग्रामों सहित जिले के पठारी क्षेत्र के 159 गाँवों में अब आसानी से घर-घर नल से जल पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को कटनी जिले के बड़गाँव में विकास पर्व में विशाल जन-समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के 313 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिये कई घोषणाएँ कीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहनों के सशक्तिकरण के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश में 45 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं और लगभग 1.25 करोड़ लाड़ली बहनें हैं। अब 21 वर्ष की बहनों और ट्रेक्टर वाले 5 एकड़ से कम भूमि वाले परिवार की बहनों को भी लाड़ली बहना योजना की पात्रता है। पंचायतों एवं नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के कारण आज बहनें सरकार चला रही हैं। आज यहाँ मंच पर 23 वर्ष की सरपंच बिटिया और कटनी की महापौर बहन बैठी हैं। यह हमारे लिये गौरव की बात है। लाड़ली बहना योजना की राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपये तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहनों की इज्जत और मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाता है। दारू के अहाते बंद कर दिये गये हैं। बहनों के प्रति दुराचार करने वालों को फाँसी की सजा का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि हम सभी विशाल परिवार हैं। प्रदेश में सरकार नहीं परिवार चल रहा है। जिस प्रकार एक परिवार में हर सदस्य के हितों का पूरा ध्यान रखा जाता है, उसी प्रकार प्रदेश में भी हर व्यक्ति के कल्याण के कार्य किये जा रहे हैं। गरीब किसान भाइयों को वर्ष में मिलने वाली सम्मान निधि की राशि 12 हजार रुपये कर दी गई है। गरीब को प्रतिमाह पांच किलो नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान योजना में वर्ष में पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी सरकार ने जन-कल्याण की बहुत सी योजनाएँ बंद कर दीं। किसानों के साथ कर्ज माफी का झूठा वादा कर उन्हें डिफाल्टर बना दिया। हमारी सरकार ने किसानों का 2200 करोड़ रुपये का ब्याज भरकर उन्हें ऋण मुक्त किया है और शून्य प्रतिशत ब्याज पर उन्हें फसल ऋण दिया जा रहा है। पुरानी सरकार ने संबल और तीर्थ-यात्रा बंद कर दी तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की राशि नहीं दी। हमारी सरकार ने सभी योजनाएँ दोबारा चालू की। अब बुजुर्गों को हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं बेटे-बेटियों की पढ़ाई में पैसों की बाधा नहीं आने दूँगा। बच्चों को किताब, गणवेश, सायकल, लेपटॉप और अब टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी भी दी जाएगी। मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार भरवाएगी। प्रदेश में एक लाख पदों पर सरकारी भर्ती की जा रही है, स्व-रोजगार के लिये ऋण दिलाये जा रहे हैं और मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में प्रशिक्षण के साथ मानदेय भी दिया जा रहा है। हर हाथ को कार्य दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पुष्पवर्षा कर बहनों का अभिनंदन किया। बहनों ने अपने लाड़ले मुख्यमंत्री भाई को राखी बांधी। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी संबोधित किया। विधायक प्रणय पांडे ने स्वागत उद्बोधन दिया।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ
– बड़गाँव में उप तहसील बनाई जाएगी।
– पानउमरिया नगर पंचायत का गठन हो रहा है।
– बड़गाँव के हायर सेकेण्डरी स्कूल में विज्ञान संकाय प्रारंभ किया जाएगा।
– बाकल के हायर सेकेण्डरी स्कूल के नवीन भवन का निर्माण होगा।
– बहोरीबंद तहसील के बचैया गाँव में राजस्व निरीक्षक मंडल का गठन किया जाएगा।

Leave a Comment