किसानों ने किया घोंसला महिदपुर मार्ग पर जाम

  • गेहूँ उपार्जन केंद्र पर तौल कांटों की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश फूटा-लंबी कतार लगी वाहनों की

खेड़ाखजूरिया। गेहूं उपार्जन केंद्र खेड़ाखजूरिया पर तौल कांटों की कमी व तौल कार्य धीमी गति से होने से आक्रोशित किसानों ने केंद्र के बाहर महिदपुर-घोंसला सड़क मार्ग जाम कर दिया। मामला समूह द्वारा खरीदारी गेहूँ उपार्जन केंद्र शासकीय वेयरहाउस का है। जहां पर गेहूँ तौलने का कार्य चल रहा है। उक्त केंद्र पर गेहूँ तौलने का कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा था। किसानों का आरोप हैं कि तीन-चार दिन में ट्रैक्टर तौलने का नंबर आ रहा है। यहाँ पर सिर्फ दो कांटे ही चलाए जा रहे हैं। एक दिन में लगभग 10 ट्रेक्टर ही तुल रहे हैं। किसानों द्वारा विगत तीन दिन से केंद्र पर तौल कांटे बढ़ाए जाने की मांग की जा रही है, परंतु इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। गुरुवार को सुबह 10 बजे एकाएक किसान आक्रोशित हो गए और घोसला-महिदपुर मार्ग पर ट्रैक्टर आड़े खड़े कर दिए और नारेबाजी करते हुए सड़क पर किसान एकत्रित हो गए। देखते-देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई।

मामले की जानकारी लगते ही पुलिस थाना राघवी के उप निरीक्षक शैलेंद्रसिंह अलावा बल सहित मौके पर पहुंचे। किसानों को शांतिपूर्वक समझाइश देकर मार्ग खुलवाया। कुछ देर बाद महिदपुर नायब तहसीलदार जितेंद्र चौरसिया भी उपार्जन केंद्र पर पहुंचे। उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी वहीं केंद्र के संचालक छाया चौधरी व कृष्णा बैरागी को भी तोल कांटे बढ़ाने एवं समय पर तौल कार्य करने की बात कही। आश्वासन के बाद तौल कार्य प्रारंभ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

समूह द्वारा खरीदी उपार्जन केंद्र शासकीय वेयर हाउस खेड़ाखजूरिया पर तोल कांटे की कमी व गेहूं तोल धीमी गति से होने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। मौके पर पहुंचकर केंद्र पर तौल कांटे व हम्माल बढ़ा दिए गए हैं। शांति पूर्वक केंद्र पर गेहूँ तौलने का कार्य प्रारंभ करवाया गया।
जितेंद्र चौरसिया, नायब तहसीलदार महिदपुर

गेहूँ उपार्जन केंद्र पर गेहूं तौलने कार्य नियमानुसार चल रहा था। हम कांटे बढ़ाने के लिए प्रयासरत थे, परंतु हम्मालों की कमी के चलते असुविधा हो रही थी। हम्मालों की व्यवस्था कर कांटे बढ़ा दिए गए हैं।
छाया चौधरी, प्रबंधक उपार्जन केंद्र शासकीय वेयर हाउस

Leave a Comment