विदेशी मुद्रा भंडार 7.273 अरब डॉलर घटकर 594.89 अरब डॉलर पर

नई दिल्ली (New Delhi)। विदेशी मुद्रा भंडार (foreign exchange reserves) में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 18 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 7.273 अरब डॉलर ($ 7.273 billion decreased) घटकर 594.89 अरब डॉलर ($ 594.89 billion) रहा है। पिछले छह महीने में विदेशी मुद्रा भंडार में साप्ताहिक आधार पर यह सबसे बड़ी गिरावट है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने यह जानकारी दी।

आरबीआई ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 18 अगस्त को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 7.273 अरब डॉलर घटकर 594.89 अरब डॉलर रह गया है। पिछले हफ्ते देश का विदेशी मुद्रा भंडार 70.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 602.16 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का अहम घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 6.61 अरब डॉलर घटकर 527.79 अरब डॉलर रह गईं।

आंकड़ों के मुताबिक स्वर्ण भंडार का मूल्य 51.5 करोड़ डॉलर घटकर 43.82 अरब डॉलर रह गया। इस अवधि में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 11.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.20 अरब डॉलर रहा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 2.5 करोड़ डॉलर घटकर 5.07 अरब डॉलर रह गया।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

Leave a Comment