वन विभाग सिंहस्थ और पंचक्रोशी मार्ग पर 84 लाख के लगाएगा पौधे

  • डीपीआर तैयार-विकास प्राधिकरण और नगर निगम को बनाएँगे नोडल एजेंसी-शीघ्र काम शुरु होगा

उज्जैन। वन विभाग जल्द ही सिंहस्थ तथा शिप्रा किनारे के अलावा पंचक्रोशी क्षेत्र में पौधारोपण का बड़ा अभियान चलाएगा। इसके लिए विभाग ने मुख्यालय को 84 लाख रुपए की डीपीआर तैयार कर भेजी है। वन विभाग इस काम के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण और नगर निगम को नोडल एजेंसी बनाएगा। सिंहस्थ मेला क्षेत्र तथा शिप्रा किनारे और पंचकोशी मार्ग को हरा भरा बनाने के लिए वन विभाग जल्द ही बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेगा। इस अभियान के तहत लाखों पौधे इन स्थानों पर लगाए जाएँगे। इस कार्य पर करीब 84 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। जिला वन मंडल अधिकारी डॉ. किरण बिसेन ने बताया कि इस कार्य की विभाग द्वारा डीपीआर तैयार कर ली गई और मुख्यालय को भेज दी गई है। मुख्यालय के आदेश पर इस कार्य के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण और नगर पालिका निगम को नोडल एजेंसी नियुक्त किया जाएगा। इन विभागों के साथ मिलकर वन विभाग उक्त क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेगा।

अब शिप्रा का दूसरा किनारा होगा हरा भरा
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में विभाग द्वारा शिप्रा नदी के एक किनारे पर लाखों पौधे लगाए गए थे। त्रिवेणी से लेकर होटल शांति पैलेस के पीछे तक यह कार्य किया गया था और इनमें से कई पौधे का पेड़ बन चुके हैं। नई योजना के तहत अब प्रशांति धाम क्षेत्र में शिप्रा किनारे दूसरे भाग पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएँगे। इससे शिप्रा का दूसरा किनारा भी हरा भरा नजर आएगा।

पंचकोशी मार्ग के 56 किमी दायरे में भी पौधे लगेंगे
डीएफओ डॉ. किरण बिसेन के मुताबिक पंचकोशी क्षेत्र में पूर्व में विभाग द्वारा सदन पौधारोपण किया गया था। परंतु इनमें से कई पौधे फल फूल नहीं पाए थे और वह स्थान रिक्त हो गया था। 118 किलोमीटर लंबे पंचक्रोशी मार्ग में इस तरह का करीब 56 किलोमीटर का एरिया शेष है जहाँ पौधे लगाना आवश्यक है। यही कारण है कि इस अभियान में पंचक्रोशी मार्ग के इस दायरे में नए सिरे से पौधारोपण किया जाएगा। यह कार्य आगामी जुलाई माह से आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा सिंहस्थ क्षेत्र में भी व्यापक पैमाने पर पौधे लगाए जाएँगे।

Leave a Comment