पूर्व वायुसेना प्रमुख राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने थामा भाजपा का दामन, लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

नई दिल्‍ली (New Delhi) । पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) राकेश कुमार सिंह भदौरिया (Rakesh Kumar Singh Bhadauria) ने भाजपा (BJP) का दामन थाम लिया है। अक्टूबर 2019 में उन्होंने वायुसेना की कमान संभाली थी। उससे पहले वह उप वायुसेना प्रमुख थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। भदौरिया के साथ पूर्व सांसद तिरुपति श्री वाराप्रसाद राव ने भी भाजपा की सदस्यता ली। जानकारों का कहना है कि भाजपा प्रत्याशियों की अगली सूची में भदौरिया का नाम शामिल कर सकती है। कयास हैं कि उन्हें गाजियाबाद की सीट से पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह की जगह से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

कौन हैं पूर्व वायुसेना प्रमुख आरके भदौरिया
आरके सिंह भदौरिया उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। उनके पिता सूरजपाल सिंह एयरफोर्स में मास्टर वारंट ऑफिसर थे। उनकी बेटी सोनाली भी पायलट हैं। देश में राफेल लाने में उनकी भूमिका बताई जाती है। बता दें कि आरके भदौरिया के बाद एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी वायुसेना प्रमुख बने थे। सितंबर 2019 से सितंबर 2021 तक वह वायुसेना प्रमुख के पद पर रहे। आरके भदौरिया उस टीम का हिस्सा थे जो कि राफेल जेट के लिए फ्रांस के साथ बातचीत कर रही थी।

बता दें कि भाजपा अब तक 291 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। जल्द ही वह पांचवीं लिस्ट भी जारी कर सकती है। उत्तर प्रदेश में अब तक 51 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। बाकी बची सीटों पर इस बार की लिस्ट में प्रत्याशियों का ऐलान हो सकता है। इस लिस्ट में गाजियाबाद और पीलीभीत की सीट पर भी प्रत्याशियों के नाम क्लियर हो सकते हैं।

चर्चा है कि पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी का भी टिकट काटा जा सकता है। भाजपा महामंत्री विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में पूर्व वायुसेना प्रमुख भजापा में शामिल हुए।अनुराग ठाकुर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के अभियान में भदौरिया की बड़ी भूमिका रही है। वहीं आरके भदौरिया ने कहा कि वह विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोग करेंगे।

Leave a Comment