गौतम अडाणी फोर्ब्स की सूची में चौथे से सातवें पायदान पर खिसके

– अडाणी की संपत्ति में दो दिनों में बड़ी गिरावट. 22.6 अरब डॉलर घटकर 96.6 अरब डॉलर हुई

नई दिल्ली (New Delhi)। देश के सबसे अमीर शख्स गौतम अडाणी (India’s richest man Gautam Adani) की संपत्ति में पिछले दो दिनों में बड़ी गिरावट (Big drop in property in two days) दर्ज हुई है। दुनिया के अमीरों की सूची में टॉप 5 (Top 5 in the list of rich) की सूची से अडाणी बाहर हो गए हैं। फोर्ब्स रियलटाइम बिलेनियर की सूची में वे चौथे स्थान से खिसककर सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं।

फोर्ब्स रियलटाइम बिलेनियर की शुक्रवार को जारी सूची के मुताबिक गौतम अडाणी की संपति 22.6 अरब डॉलर घटकर 96.6 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। अडाणी की संपत्ति में यह गिरावट अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट सामने आने के बाद दर्ज की गई है। इस रिपोर्ट में अडाणी समूह के बही-खातों में गड़बड़ी की बात कही गई है।

सूची के मुताबिक दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट 215 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। दूसरे पायदान पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 170.1 अरब डॉलर है। अमेजन के सह-संस्थापक जेफ बेजोस 122.4 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, भारत के दूसरे सबसे अमीर मुकेश अंबानी फोर्ब्स रियलटाइम बिलेनियर सूची में 83.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 10वें नंबर पर हैं।

भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। शेयर बाजार में आज की गिरावट से निवेशकों के करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बाजार की गिरावट में अडाणी समूह के शेयरों में बिकवाली का बड़ा योगदान है। दरअसल हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडाणी समूह कंपनियों में 20 फीसदी तक गिरावट की रही। समूह की प्रतिनिधि कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज 20 हजार करोड़ रुपये का अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (एफपीओ) आज ही लेकर आई थी। (एजेंसी, हि.स.)

Leave a Comment