23 अगस्त को बाधा आई तो 27 तक टल सकती है Chandrayaan 3 की लैंडिंग

नई दिल्ली (New Delhi)। चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) की लैंडिंग में कोई समस्या आने पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization) यानी ISRO समय में भी बदलाव कर सकती है। ISRO के वैज्ञानिक नीलेश एम देसाई (Nilesh M Desai) ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि पहले से तय तारीख 23 अगस्त को सॉफ्ट लैंडिंग (soft landing) में परेशानी आने पर प्रक्रिया को 27 अगस्त के लिए टाला भी जा सकता है।

अहमदाबाद में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (ISRO) के निदेशक देसाई ने सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर आगे का प्लान बताया। उन्होंने कहा, ’23 अगस्त को चंद्रयान-3 के चांद पर लैंड होने से दो घंटे पहले लैंडर मॉड्यूल की हेल्थ और चांद पर स्थिति के आधार पर हम तय करेंगे कि लैंड करना सही होगा या नहीं। अगर हालात हमारे पक्ष में नहीं लगेंगे, तो हम 27 अगस्त को मॉड्यूल को चांद पर उतारेंगे। कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए और हम 23 अगस्त को मॉड्यूल को लैंड कर सकेंगे।’

ISRO चीफ एस सोमनाथ (S Somnath) ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से दिल्ली में मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने चंद्रयान 3 की ताजा स्थिति और इसरो की तैयारी के बारे में बताया। ISRO चीफ ने सिंह को चंद्रयान-3 की हेल्थ की भी जानकारी दी और बताया कि सभी सिस्टम ठीक से काम कर रहे हैं और बुधवार को कोई परेशानी आने की संभावनाएं कम हैं।

कब होगी लैंडिंग
ISRO ने रविवार को जानकारी दी थी कि 23 अगस्त को शाम करीब 6 बजे चंद्रयान-3 चांद की सतह पर उतरने वाला है। चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट ISRO की आधिकारिक वेबसाइट (https://isro.gov.in), YouTube (https://www.youtube.com/watch?v=DLA_64yz8Ss), Facebook (facebook.com/ISRO) पर देखा जा सकता है।

Leave a Comment