अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के आमंत्रण पत्र तैयार

  • देश के 4 हजार से अधिक संतों को जाएँगे निमंत्रण

उज्जैन। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रण बांटने का काम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से शुरू कर दिया है। सबसे पहले साधु-संतों को आमंत्रण भेजा गया।

समारोह में देश भर के करीब चार हजार संत एकत्रित होंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उज्जैन के संत और अखाड़ों के महामंडलेश्वरों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। समारोह में देश के विभिन्न परंपराओं के करीब चार हजार संतों को आमंत्रित किया जा रहा है। आमंत्रण पत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की ओर से भेजा जा रहा है। आमंत्रण पत्र में अपील की जा रही है कि लंबे संघर्ष के बाद राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है। पौष शुक्ल द्वादशी 22 जनवरी को रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर के गर्भगृह में की जाएगी। संतों से अपील की जा रही है कि 21 जनवरी के पूर्व अयोध्या आने की योजना बनाएं। 23 जनवरी तक अयोध्या में रहने का आग्रह भी ट्रस्ट कर रहा है। देशभर के संतों के साथ अयोध्या और उज्जैन के भी संतों को आमंत्रण देने का काम शुरू कर दिया गया है। उज्जैन से निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद जी, महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज, मोनी बाबा आश्रम के संत सुमन भाई, आव्हान अखाड़े के महामंडलेश्वर आचार्य शेखरजी, रामानुज कोट के महंत रंगनाथाचार्य को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा और भी संत उज्जैन संभाग से आमंत्रित होंगे। संघ व विहिप के कार्यकर्ताओं की टीम संतों से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण दे रही है।

Leave a Comment