IPL 2022: जोस बटलर ने बनाए 850 से ज्यादा रन, जीती ऑरेंज कैप

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) में पहली बार हिस्सा लेने वाली गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans-GT) नई चैंपियन बनी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में GT ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को सात विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया है। इस बार ऑरेंज कैप RR के जोस बटलर ने हासिल की है। उन्होंने मौजूदा सीजन में 850 से अधिक रन बनाए हैं।

बटलर ने पूरे सीजन में अपना दबदबा बनाकर रखा है। उन्होंने इस सीजन में 17 मैचों में 57.53 की उम्दा औसत और 149.05 की स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने चार शतक और चार ही अर्धशतक अपने नाम किए हैं। इस सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा 45 छक्के और 83 चौके लगाए हैं। बता दें यह बटलर के IPL करियर का सबसे अच्छा सीजन रहा है।

यह पहला ऐसा मौका है जब RR के किसी बल्लेबाज ने किसी सीजन में सर्वाधिक रन बनाए हों। बटलर IPL इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। बटलर ऑरेंज कैप हासिल करने वाले सातवें विदेशी खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले शॉन मार्श, मैथ्यू हेडेन, क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, केन विलियमसन और माइकल हसी ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

बटलर एक सीजन में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें कोहली ने 2016 में ये कारनामा किया था। बटलर ने इस सीजन में 850 से ज्यादा रन बनाए और वह किसी एक सीजन में ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा रन RCB से विराट कोहली (973 रन, 2016) ने बनाए हैं।

Leave a Comment