IPL 2024: ‘थोड़ा और खाएगा तो दुनिया को रुलाएगा…’ पाकिस्तान भी हुआ मयंक यादव का मुरीद

मुंबई। आईपीएल 2024 में कई सितारे उभर कर सामने आते हैं। कुछ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जल्द ही अपना नाम बना लेते हैं और कुछ का करियर कभी-कभी अधर में लटक जाता है। इसी कड़ी में भारतीय टीम को नया सितारा मिला है। शनिवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए मयंक यादव ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके और पंजाब किंग्स को जीत तक नहीं पहुंचने दिया। इसके बाद पूरी दुनिया से मयंक को तारीफ मिली थी।

खास बात मयंक की यह रही थी कि उन्होंने अपनी 24 गेंद में से 24 गेंदें 140+ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ऊपर की फेंकी। इनमें से नौ गेंदें 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ऊपर की रहीं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ब्रेट ली ने तो यहां तक कह दिया था कि टीम इंडिया को 21 साल के मयंक के रूप में नया सितारा मिल गया है। अब पाकिस्तान की ओर से भी मयंक को लेकर प्रतिक्रियाएं आई हैं।

राशिद लतीफ ने क्या कहा?
पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने यूट्यूब पर एक चैट शो के दौरान कहा- थोड़ा खाना खाएंगे और जान (ताकत) बढ़ाएंगे तो काफी दूर जाएंगे। उनके पास सटीक लाइन लेंथ है और खतरनाक बाउंसर फेंकते हैं। यह एक घातक मिश्रण है। मयंक ने पंजाब के बल्लेबाजों को शॉर्ट बॉल फेंकी और उन्हें काफी परेशान किया। लोग उनके बारे में लंबे समय तक बात करेंगे।

बासित अली ने कही यह बात
वहीं, पाकिस्तान के एक और पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने कहा- वह एक स्टार खिलाड़ी बनने जा रहे हैं। थोड़ा सा ताकत बढ़ाएंगे और अपने शरीर का बनाएंगे तो आगे बढ़ने की बहुत क्षमता है। उन्हें यॉर्कर पर थोड़ा मेहनत करने की जरूरत है। वह आने वाले एक साल में तैयार हो जाएंगे। मयंक की सबसे खास बात यह है कि वह गति के लिए अपने कंधे का इस्तेमाल करते हैं। भारत को नए सितारे को ढ़ूंढने के लिए बधाई। उनके एक्शन से लगता है कि वह अपने पेस को और बढ़ा सकते हैं। वह थोड़ी और ताकत बनाएंगे और जब ऐसा हो गया तो दुनिया को रुलाएंगे।

मयंक बने प्लेयर ऑफ द मैच
मयंक को पंजाब के खिलाफ उनकी गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच से पहले वह सिर्फ दो लिस्ट-ए मैच खेले थे। यह युवा तेज गेंदबाज पिछले साल ही डेब्यू करने वाला था, लेकिन एक चोट ने ऐसा होने से रोक दिया। नीलामी में लखनऊ सुपर जाएंट्स द्वारा साइन किए जाने के दो साल बाद वह आईपीएल डेब्यू कर पाए। युवा तेज गेंदबाज को आईपीएल 2022 के लिए नीलामी के दौरान लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 20 लाख की मामूली फीस पर साइन किया गया था। उन्होंने उस सीजन में एक भी मैच नहीं खेला था। इसके बाद चोट के कारण 2023 सीजन से वह बाहर हो गए। दिल्ली के इस युवा तेज गेंदबाज को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में ढेर सारे पैसे मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment