तोमर-सिंधिया ‘खींचतान’ के बीच मंत्रियों का शिवराज के घर भोज

  • मंत्रियों को हिरायत क्षेत्र में रहें, कार्यकर्ताओं को दें समय

भोपाल। प्रदेश में सियासी गहमागहमी का दौर फिर शुरू हो गया है। दो दिन पहले भाजपा कोर कमेटी की बैठक से पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच सियासी खींचतान सामने आई है। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मंत्रियो को अचानक रात्रि भोज पर बुलाकर उनका मन टटोलने की कोशिश की और जनता के बीच जाने को कहा है। मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रियों के साथ रात्रि भोज पर की गई मुलाकात को पार्टी की अंदरूनी खींचतान और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रदेश में पिछले तीन दिन के भीतर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अलग-अलग समय में केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अलग-अलग समय में मुलाकात की है। साथ ही संगठन के नेताओं ने भी मुख्यमंत्री से चर्चा की है। खास बात यह है कि ये सभी मुलाकातें कमराबंद हुई हैं। जिनकों लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर गर्माया हुआ है।
इसी बीच मुख्यमंत्री ने मंत्रियों का मन भांपने के लिए अपने निवास पर रात्रि भोज पर चर्चा की। जिसमें मंत्रियों के क्षेत्र में दौरे, कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने से लेकर काम में पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को साफ कहा है कि वे प्रभार वाले जिलों में समय दें। पार्टी के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग नेता एवं कार्यकर्ताओं से मेलजोल बढ़ाएं। खराब छवि के लोगों से दूर रहें। देर रात तक चले रात्रि भोज के बाद मुख्यमंत्री निवास से बाहर निकले ज्यादातर मंत्रियों ने कहा कि यह सामान्य शिष्टाचार कार्यक्रम था।


भारत जोड़ा यात्रा पर नजर रखेंगे मंत्री
मप्र भाजपा की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर बारीखी से नजर रखी जा रही है। अगले कुछ समय में भाजपा उन क्षेत्रों में पार्टी कार्यक्रम करेगी, जहां से होकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकलेगी। इसके लिए सभी मोर्चा को सक्रिय कर दिया गया है। भाजपा 20 नवंबर से पहले मालवा-निमाड़ में अलग अलग कार्यक्रम करने जा रही है। जिसमें मंत्री, विधायक, सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

Leave a Comment