मिशन 2024: सपा छोड़ भाजपा का दामन थामा दारा सिंह ने

लखनऊ (Lucknow)। घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) विधायक पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद दारा सिंह चौहान ने लखनऊ (Lucknow) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। दारा सिंह चौहान ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

दारा सिंह ने विधानसभा में स्पीकर सतीश महाना से मुलाकात करके अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इसके बाद दारा सिंह भाजपा में शामिल हो गए। दारा सिंह को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी की सदस्यता दिलाकर घर वापसी कराई। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। बतादें कि दारा सिंह दो दिन पहले ही दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे। इसके बाद ही उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे। दारा सिंह योगी की पहली सरकार में पर्यावरण मंत्री भी रहे हैं। 12 जनवरी, 2022 को योगी कैबिनेट और भाजपा से इस्तीफा देकर वह सपा में शामिल हो गए थे। पार्टी ने उन्हें घोसी सीट से उम्मीदवार बनाया और जीत भी दर्ज की।


सपा छोड़कर भाजपा में आए दारा सिंह जल्द ही योगी सरकार में मंत्री बनाए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में दारा सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही इस्तीफे के बाद खाली हुई घोसी विधानसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ सकते हैं। चर्चा है कि योगी मंत्रिमंडल के विस्तार में ओम प्रकाश राजभर को भी जगह दी जा सकती है। सियासी गलियारों में दारा सिंह को लेकर एक और चर्चा हो रही है। वह यह कि दारा सिंह चौहान लोकसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं। दारा सिंह चौहान को पार्टी में शामिल कराए जाने के पीछे भाजपा का यही मकसद बताया जा रहा है कि उन्हें 2024 का चुनाव लड़ाया जाएगा। दरअसल दारा सिंह चौहान राजभर के अलावा पूर्वांचल में पिछड़े वर्गों में खासी पकड़ रखते हैं।

यूपी के सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा दारा सिंह को 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ाकर मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। इसको लेकर भाजपा ने एक प्लान भी तैयार किया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा से दारा सिंह चौहान की किसी बात को लेकर बातचीत हुई है। हालांकि इसको लेकर कोई पुख्ता तौर पर जानकारी नहीं मिल पाई है।

Leave a Comment