MP Election: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुरजेवाला को बताया धूर्त, बोले- नहीं कोई औकात

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने सुरजेवाला को धूर्त बताते हुए कहा कि उनकी कोई औकात नहीं है। शर्मा ने आज (मंगलवार) भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सुजरेवाला के साथ-साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को लेकर कमलनाथ और रणदीप सुरजेवाला की ओर से की गई प्रतिक्रिया पर कहा कि आप ऐसे व्यक्ति का नाम ले रहे हैं जो देश की जनता को रावण कहता है। सुजरेवाला की कोई औकात नहीं है, वे धूर्त हैं। मप्र में इनके पास कुछ नहीं है। ये चलने लायक बचे नहीं हैं।

कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर वीडी शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने संकल्प दिलाया है कि प्रत्येक बूथ पर चुनाव जीतना हैं, 50% वोट का संकल्प उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिलाया है। अब नई ऊर्जा के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता काम करेगा। भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची में सांसदों के नाम शामिल होने पर शर्मा ने कहा कि भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने 39 प्रत्यशियों की घोषणा की है। भाजपा ही है जिसने कॉन्फिडेंस के साथ 78 कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। इसमें हमारे वरिष्ठ नेतृत्व भाजपा की ताकत हैं। इन्हें चारों कोनों पर मुस्तैद किया गया है। इसके साथ ही नई ऊर्जा के साथ नौजवानों, बहनों को अवसर दिया है। सभी प्रत्याशियों को मैं हार्दिक बधाई देता हूं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान के चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अन्य दलों से अलग ही है। हम एक पद्धति पर कार्य करते हैं। हम कैडर बेस ऑर्गनाइजेशन हैं। केंद्रीय नेतृत्व जब निर्णय करता है तो इसी के आधार पर करता है। भाजपा में सब कार्यकर्ता हैं, प्रत्याशी हमारा कमल का फूल है।

Leave a Comment