MP : महामारी में देवदूत बनकर उभरे यह नेता

भोपाल।  कोरोना महामारी के संकट में प्रदेश के कई राजनेता देवदूत के रूप में उभरे हैं। यह नेता अपनी जान की परवाह किए बगैर अस्पतालों और श्मशान घाटों पर पीडि़तों को हर तरह की मदद करते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय तो बंगाल में बैठकर इंदौर की हरसंभव मदद कर रहे हैं। इंदौर के ही संजय शुक्ला रात-दिन लगे हैं। जबलपुर के विवेक तन्खा अपने संबंधों के आधार पर उपचार की व्यवस्था में जुटे हैं। गोपाल भार्गव ने पूरे विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक के लिए सिटी स्कैन फ्री कर दी है। भोपाल के आलोक शर्मा पूरी टीम के साथ अस्पताल से लेकर श्मशान घाट तक सक्रिय हैं। ग्वालियर के प्रवीण पाठक भी प्रशासन के साथ मिलकर मरीजों की सेवा में लगे हैं।

कैलाश विजयवर्गीय
बंगाल में होने के बावजूद कैलाश विजयवर्गीय का पूरा फोकस इन्दौर पर है। उन्होंने रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए कंपनी के मालिक से बात की और इंदौर को ऑक्सीजन मिल सके इसके लिए गृहमंत्री, गुजरात के मुख्यमंत्री सहित कई लोगों से बात कर इंदौर ऑक्सीजन भिजवाने की व्यवस्था की है।


संजय शुक्ला
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला पिछले 15 दिन से इंदौर के अस्पताल और श्मशान में सक्रिय हैं। परिवार वालों ने संक्रमण के कारण इनका घर में प्रवेश बंद कर दिया है। संजय शुक्ला इंजेक्शन, ऑक्सीजन से लेकर मरीजों के भोजन, श्मशान में लकड़ी पहुंचाने से लेकर हर काम में सक्रिय हैं।


विवेक तन्खा
राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने जबलपुर में स्वास्थ्य सुविधाएं जुटाने के लिए सांसद निधि से 1 करोड़ की राशि दी है। वे अपने व्यापक संपर्कों के जरिए जबलपुर में इंजेक्शन और ऑक्सीजन तो बुलवा ही रहे हैं, सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने में भी लगे हैं।


गोपाल भार्गव
प्रदेश के मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने विधानसभा क्षेत्र रहली के हर व्यक्ति के लिए सिटी स्कैन का खर्चा स्वयं करने की घोषणा की है। उन्होंने गोपाल हेल्पलाइन शुरू की है, जिससे कोरोना मरीजों के इलाज, भोजन, अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है। भार्गव के बेटे अभिषेक भी इसमें सहयोग कर रहे हैं।


प्रवीण पाठक
ग्वालियर के विधायक प्रवीण पाठक भी पिछले सात दिन से ढंग से सोए नहीं हैं। वे किसी का भी फोन आने पर स्वयं उसके घर या अस्पताल पहुंचकर मदद कर रहे हैं। दो दिन पहले रात ढाई बजे उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ग्वालियर का हाल बताया था। प्रवीण पाठक जिला प्रशासन के साथ मिलकर कोरोना संक्रमितों की मदद में लगे हैं।
कई सामाजिक संगठन भी सक्रिय
कुछ जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता, उद्योग जगत के प्रमुख भी कोरोना महामारी से निपटने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Comment