संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी और गौतम अडानी ने चीनी अरबपतियों को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Reliance Industries Chairman Mukesh Ambani) और अडानी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani, Founder and Chairman of Adani Group) ने ग्लोबल वेल्थ रैंकिंग में जैक मा जैसे चीनी अरबपतियों को पीछे छोड़ दिया है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की नई सूची में भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी ने एक बार फिर चीनी अरबपतियों को पछाड़ते हुए एशिया के सबसे धनी कारोबारी के पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।
आज जारी हुई इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एशिया के सबसे धनी कारोबारियों की सूची में पहले नंबर पर हैं जबकि गौतम अडाणी एक बार फिर दूसरे स्थान पर आ गए हैं।


ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार मुकेश अंबानी दुनिया के 12वें सबसे रईस व्यक्ति हैं, जबकि गौतम अडाणी 14वें नंबर पर अपना स्थान बनाने में सफल हुए हैं। गौतम अडाणी ने इस स्थान पर आने के लिए चीन के कारोबारी झौंग शानशान पीछे छोड़ दिया है। आंकड़ों के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति बढ़कर 84 अरब डॉलर हो गई है, वहीं गौतम अडाणी की संपत्ति बढ़कर 78 अरब डॉलर हो गई है।

इसके पहले जारी हुई ब्लूमबर्ग की पिछली सूची में मुकेश अंबानी एशिया के सबसे धनी कारोबारियों की सूची में पहले स्थान पर थे, जबकि झौंग शान शान दूसरे स्थान पर और गौतम अडाणी तीसरे स्थान पर थे। इसी तरह दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर, झौंग शान शान 14वें स्थान पर और गौतम अडाणी 15वें स्थान पर थे। ब्लूमबर्ग की ताजा सूची में मुकेश अंबानी एक पायदान आगे बढ़कर 12वें स्थान पर और गौतम अडाणी 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। झौंग शान शान 14वें स्थान से खिसक कर 15वें स्थान पर आ गए हैं।

दुनिया भर के रईस की बात करें तो 190 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ जैफ बेजॉस पहले स्थान पर है। वर्ल्ड टॉप 100 रईसों में भारत के मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के अलावा विप्रो के अजीम प्रेमजी 43वें स्थान पर और एचसीएल के शिव नाडार 70वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की नई सूची में मुकेश अंबानी के आगे 11 लोगों में से दो लोगों को छोड़कर शेष सभी अमेरिका के नागरिक हैं।

Leave a Comment