आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 13 हजार मानदेय

  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम शिवराज ने किया ऐलान
  • आंगनबाडी कार्यकर्ता का तीन हजार और सहायिका का डेढ़ हजार रुपये मानदेय बढ़ा, लाड़ली बहना योजना का भी मिलेगा लाभ
  • रिटायरमेंट पर सवा लाख रु. देंगे, 5 लाख तक का हेल्थ और दुर्घटना बीमा भी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के हित में बड़ी घोषणा की है। कार्यकर्ताओं का मानदेय प्रतिमाह 10 हजार से बढ़ाकर 13 हजार कर दिया है। इसी तरह सहायिका का मानदेय पांच हजार से बढ़ाकर साढ़े छह हजार कर दिया गया है। दोनों के मासिक मानदेय में प्रतिवर्ष एक हजार रुपए की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 13 हजार रुपए कर दिया जाएगा। मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी बढ़ाकर 6500 रु. कर दिया जाएगा। साथ ही उन्हें लाडली बहना योजना का लाभ भी मिलेगा। सेवानिवृत्त होने पर कार्यकर्ता को सवा लाख और सहायिका को एक लाख रुपए इक_ा मिलेंगे।
सीएम ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में एक और ऐलान करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सहायिका को पदोन्नति में आरक्षण 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाएगा।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का 5 लाख तक का स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा कराया जाएगा। दोनों को सरकारी कर्मचारियों की तरह छुट्टी एवं अन्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही उनका पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा कराया जाएगा।

आप सब मेरी बहनें हैं
कार्यक्रम के दौरान सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि आप सब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि मेरी बहनें हैं। मेरी सभी लाड़ली बहनों को मेरा प्रणाम। लाड़ली बहना सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि अंतर्मन का भाव है। दिल का भाव है, आत्मा का भाव है। मैंने देखा है कि एक जमाना था जब देश में नारी की बड़ी प्रतिष्ठा थी। यत्र नार्यस्तु पूज्यंते, रमंते तत्र देवता का युग हमने देखा है। लेकिन बीच में एक काल आया, जब हम गुलाम हो गए।

कमलनाथ ने मानदेय में कटौती की
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना, उस समय मानदेय था सिर्फ 500 रुपए। इसे बढ़ाकर 2008-09 में हमने 1500 रुपए किया। इसके बाद 2013-14 में इसे और बढ़ाते चले गए। 2018 में हमने फिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया। यह काम भाजपा सरकार ने किया, कांग्रेस ने कभी नहीं किया। कमलनाथ और कांग्रेस ने एक पाप जरूर किया। हमने जो 10 हजार रु. बढ़ाए थे, उसी में से 1500 रु. उन्होंने मार दिए। पैसे काट लिए। यह अन्याय था।

Leave a Comment