ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों की संख्या 14 करोड़ के पार

-भूपेंद्र यादव ने कहा, देश में हर तीसरा श्रमिक पोर्टल पर पंजीकृत

नई दिल्ली। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव (Labor and Employment Minister Bhupendra Yadav) ने कहा कि देश में अनौपचारिक क्षेत्र का हर तीसरा श्रमिक (Every third worker of informal sector) अब ई-श्रम पोर्टल (e-shram portal) पर पंजीकृत है। उन्होंने कहा कि श्रम पोर्टल पर कुल पंजीकरण का आंकड़ा 4 महीने के अंदर 14 करोड़ को पार कर गया है। श्रम मंत्री ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

श्रम एवं रोजगार मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि ‘ई-श्रम पोर्टल महज 4 महीने में 14 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, उन सभी को बधाई, जिन्होंने इसे संभव बनाया।’ यादव के मुताबिक अनौपचारिक क्षेत्र के 14,02,92,825 श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।

श्रम पोर्टल के ताजा आंकड़ों के अनुसार पंजीकरण के लिहाज से शीर्ष पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड प्रमुख हैं। पोर्टल पर पंजीकरण करवाने वालों श्रमिकों में 52.56 फीसदी महिलाएं और 47.44 फीसदी पुरुष शामिल हैं। यह पोर्टल असंगठित कामगारों का पहला नेशनल डाटाबेस है।

उल्लेखनीय है कि ई-श्रम पोर्टल पर अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों का एक डेटाबेस बनाया जा रहा है, जिससे सरकार को उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का फायदा पहुंचाने में मदद मिलेगी। ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत इसी साल 26 अगस्त, 2021 को हुई थी। पोर्टल पर पंजीकृत कामगारों की मृत्यु होने या उसके स्थायी रूप से दिव्यांग होने पर 2 लाख रुपये की राशि मिलेगी, जबकि अस्थायी रूप से दिव्यांग होने पर एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी। (एजेंसी, हि.स.)

Leave a Comment