69.2 करोड़ महिलाओं में से 37% को मिला रोजगार, हैदराबाद सहित ये शहर हैं सबसे आगे

नई दिल्ली। देश में करीब 69.2 करोड़ महिलाओं की आबादी में से लगभग 37 फीसदी सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। करिअर नेट की रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद, पुणे और चेन्नई जैसे शहर महिला रोजगार के मामले में शीर्ष पर हैं। 2022 की तुलना में 2023 में जूनियर स्तर पर और कंपनियों के बोर्ड में महिलाओं के प्रतिनिधित्व में 2-5 फीसदी की वृद्धि हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में कॉलेजों से निकली प्रतिभाओं में से 40 फीसदी महिलाएं थीं। तीन और सात वर्ष के अनुभव वाली महिला उम्मीदवारों का कुल नियुक्तियों का 20-25 फीसदी है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर को छोड़कर देश के अधिकांश प्रमुख शहरों में महिलाओं की नियुक्ति अनुपात में मामूली वृद्धि हुई है।

सबसे आगे हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर में गिरावट
हैदराबाद 34 फीसदी नियुक्ति दर के साथ सबसे आगे है। पुणे में यह दर 33 फीसदी और चेन्नई में 29 फीसदी है। दिल्ली-एनसीआर में 20 फीसदी की गिरावट देखी गई है। यह रिपोर्ट 25,000 नौकरी प्लेसमेंट के विश्लेषण के साथ तैयार की गई है।

बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं में ज्यादा भर्तियां
विश्लेषण से पता चला है कि बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा में महिलाओं की भर्ती का रुझान बढ़ा है। जहां शहरी आबादी में 30 फीसदी संगठित क्षेत्र में नियुक्त हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्र से 5 फीसदी ही हैं।

Leave a Comment