बिहार सहित इन चार राज्‍यों में लू चलने की संभावना, यूपी में भी बढ़ेगा तापमान, जाने कब बरसेंगे बदरा

नई दिल्‍ली (New Delhi) । बिहार (Bihar) के कुछ भागों, पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मैदानी हिस्से, ओडिशा और आंध्र प्रदेश (Odisha and Andhra Pradesh) में अगले तीन से चार दिनों तक लू चलने की संभावना है। इस दौरान पारा 40 डिग्री के पार करने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी है। इससे पहले आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ राज्यों को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों में अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का पूर्वानुमान जताया था। वहीं, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चलने की भी आशंका है।

आईएमडी के मुताबिक, बिहार में शनिवार से सोमवार (15 से 17 अप्रैल) तक, पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार (17 अप्रैल) तक, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में शनिवार (15 अप्रैल) तक तथा तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में मौजूदा समय में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है।

विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

इन राज्यों में कल से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के ताजा अपडेट्स के मुताबिक, गोवा और महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक बारिश हो सकती है। इसके कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में यह भी कहा है कि राजस्थान में 16 अप्रैल को और पंजाब में 17 अप्रैल को बारिश के आसार बन रहे हैं।

झारखंड में झुलसा देने वाली गर्मी से लोग बेहाल, कई बच्चे हुए बेहोश
झारखंड के धनबाद में झुलसा देने वाली गर्मी से शहरवासी परेशान हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री था। तपती गर्मी व उमस से लोग पसीने से तरबतर हो जा रहे हैं। सुबह 10 बजे से तीखी धूप व गर्म हवा का असर दिखने लगता है। भीषण गर्मी से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। गुरुवार को भी कई बच्चे के बेहोश होने व नाक से खून निकलने की बात सामने आई।

आज और बढ़ेगी गर्मी
गर्मी से अभी राहत मिलने वाली नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 15 अप्रैल को भी 41 डिग्री तापमान रहने की बात कही जा रही है। 16 व 27 को अधिकतम तापमान 41 डिग्री हो सकता है। अप्रैल में ही गर्मी के सभी रिकार्ड टूट रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद अगले तीन दिन इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 16 अप्रैल तक आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम शुष्क रहेगा।

कब की जाती है लू की घोषणा
लू की स्थिति होने की घोषणा तब की जाती है, जब मैदानी इलाकों में किसी स्थान पर अधिकतम तापमान बढ़ कर कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में कम से कम 37 डिग्री सेल्सियस और पर्वतीय इलाकों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है, या फिर सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है।

इस साल फरवरी का महीना 1901 के बाद से सबसे गर्म रहा
वर्ष 2023 में, भारत में फरवरी का महीना 1901 के बाद से इस माह (फरवरी) का सबसे गर्म महीना रहा था। हालांकि, मार्च में सामान्य या उससे अधिक बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। मार्च 2022 ज्ञात मौसम इतिहास का सबसे गर्म महीना रहा था और पिछले 121 वर्षों में तीसरा सबसे शुष्क महीना था। उस साल अप्रैल महीना भी, 1901 के बाद से तीसरा सबसे गर्म अप्रैल महीना रहा था।

मुंबई में बेमौसम बारिश, इस साल अप्रैल में हुई सर्वाधिक बारिश
मुंबई के कई हिस्सों में गुरुवार को तड़के आंधी के साथ बेमौसम बारिश होने से शहर में उमस भरी गर्मी से राहत मिली। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आआईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मुंबई में 14.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इस साल अप्रैल में सर्वाधिक बारिश हुई है। आईएमडी की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि यह बारिश एक स्थानीय घटना है और शहर के केवल पश्चिमी उपनगरों में बारिश हुई। नायर ने कहा,‘सांताक्रूज मौसम केंद्र में 14.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह शहर में अप्रैल में दर्ज की गई सर्वाधिक बारिश है। इससे पहले शहर में अप्रैल में सर्वाधिक, 7.2 मिलीमीटर बारिश 22 अप्रैल, 1974 को हुई थी।’

Leave a Comment