‘रूसी और यूक्रेनी नागरिक दो सप्ताह में छोड़ें देश’, श्रीलंका ने दोनों देशों के पर्यटकों के लिए दिया फरमान

डेस्क। रूस और यूक्रेन में जंग के बीच श्रीलंका ने एक बड़ा कदम लिया है। इस कदम के ​तहत श्रीलंका ने रूस और यूक्रेन के हजारों पर्यटकों को दो सप्ताह में अपने देश से बाहर जाने को कहा है। रूस और यूक्रेन के बीच 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद लगभग 3 लाख रूसी और 20 हजार यूक्रेनी श्रीलंका पहुंचे हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध शुरू होने के कारण रूसी और यूक्रेनी पर्यटकों को विस्तारित वीजा के तहत रहने की अनुमति दी गई थी।

वर्तमान में विस्तारित वीजा पर द्वीप देश में रहने वाले पर्यटकों की संख्या उपलब्ध नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आव्रजन नियंत्रक ने पर्यटन मंत्रालय को एक नोटिस जारी कर कहा है कि रूसी और यूक्रेनी पर्यटकों को 23 फरवरी से दो सप्ताह के भीतर देश छोड़ना होगा। उनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई है।

उधर राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के कार्यालय ने एक नोटिस जारी कर जांच का आदेश दिया है। आदेश में इस बात की जांच करने को कहा गया है कि पिछले विस्तार को निरस्त करने संबंधी मंत्रिमंडल के फैसले के बिना उन्हें देश छोड़ने को कहने का निर्णय कैसे लिया गया।

Leave a Comment