अखिलेश से मिलकर संजय सिंह ने दिया बड़ा बयान, कहा- बिना किसी शर्त हम यूपी में महागठबंधन के साथ

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Rajya Sabha MP Sanjay Singh) ने उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से मुलाकात की है। संजय सिंह ने कहा है कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ेगी। इसकी जगह वह महागठबंधन के प्रत्याशियों की मदद करेगी। आम आदमी पार्टी बिना किसी शर्त के उत्तर प्रदेश में महागठबंधन के प्रत्याशियों को अपना समर्थन देगी। संजय सिंह ने कहा कि इस बारे में जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी।

लोकसभा चुनाव से पहले एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल जेल में बंद हैं तो वहीं संजय ने घोषणा की है कि अब आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में महागठबंधन के साथ है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में जो हुआ उस समय अखिलेश जी साथ रहे, इसके लिए हम सपा और अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हैं। संजय ने कहा कि ये लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है तानाशाह हुकूमत के खिलाफ लोगों को एकमत होने का चुनाव है।

संजय सिंह ने कहा कि हम यूपी का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे। यूपी में हमारी कोई मांग नहीं है। हम बस महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का समर्थन करेंगे। संजय सिंह ने कहा कि अभी इस मामले पर कांग्रेस से बात नहीं हो पाई है। प्रेस कांग्रेस में मौजूद अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव पर दुनिया की नजर है।

दिल्ली में केजरीवाल के समर्थन में एक बड़ी रैली हुई है। एक मुख्यमंत्री को जेल भेजे जाने से भारत की पूरी दुनिया में बदनामी हुई है। झूठे मुकदमे लगाकर जेल भेजा जा रहा है, झारखंड के सीएम को भी जेल भेजा गया है। दल बदलने वाले नेताओं पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में कई साथी गए, उन्होंने कहा कि शरीर जा रहा है लेकिन उनकी आत्मा अभी भी हमारे साथ है। भाजपा सिर्फ डरा कर अपना एजेंडा सेट कर रही है।

Leave a Comment