भोले की भक्ति में झूमते चले कांवडि़ए

  • संस्कार कांवड़ यात्रा में उत्साह, एक लाख से ज्यादा कांवडि़ए शामिल, भोले के जयघोष से गूंजा आकाश

जबलपुर। हर बार की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा ने अपनी अनूठी पहचान कायम रखी। सुबह से ही सड़कों पर कांवडिय़ों का उत्साह छलकने लगा और सभी भोले के दरबार में पहुंचने आतुर दिखाई दिए। शहर की सड़कों पर बम भोले के गुंजायमान से आसमान गूंज उठा।

मंचों से हुआ स्वागत
कांवड़ यात्रा का स्वागत करने के लिये आज जगह-जगह स्वागत मंच सजाए गए। कांवडिय़ों को फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। यात्रा जहां-जहां से गुजर रही थी, वहां बम भोले की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो रहा था। परशुराम सर्व ब्राम्ö संघ द्वारा रामपुर चौक पर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया गया। नमामि देवी सेवा समिति द्वारा भी कांवडिय़ों का भरपूर स्वागत किया गया। यादव महासभा ने भी मालवीय चौक पर मंच लगाकर कांवडिय़ों का स्वागत किया। इस मौके पर मंच पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव के साथ भारत सिंह यादव, रमेश चौधरी, सचिव यादव, विनीता यादव, जतिन राज आदि के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

चलते गये…बढ़ते गये
संस्कार कांवड़ यात्रा गौरीघाट के सिद्धघाट से प्रारंभ हुई। दादा गुरु और संत जनों के सानिध्य में मां नर्मदा और भगवान महादेव के दुग्धाभिषेक के साथ कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। देव स्वरूप वृक्षों का पूजन भी किया गया। इसके बाद कांवडि़ए एक कांवड़ में जल व दूसरी कांवड़ में पौधा लेकर यात्रा पर निकले। करीब 35 किलोमीटर की यात्रा कर तकरीबन एक लाख कांवडि़ए मटामर पहुंचे। संस्कार कांवड़ यात्रा समिति के सदस्य महीनों पहले से यात्रा की तैयारी में जुटे हुए थे।

उत्साह का अतिरेक
कांवड़ यात्रा में शामिल युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वे नाचते-गाते और एक-दूसरे का सहयोग करते हुये आगे बढ़ रहे थे। जिधर से भी यात्रा गुजरी आस्था, भक्ति और श्रृद्धा की लौ प्रज्ज्वलित करती गयी।

ये रहे शामिल
यात्रा में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, रामेश्वर नीखरा, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक संजय यादव, समीर दीक्षित, विवेक अवस्थी आदि अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment