यात्री बैठ चुके थे, उड़ान भरने से पहले विमान बिगड़ा

  • पहिए में आई थी खराबी, दूसरे विमान से बुलवाए पाट्र्स
  • सवा पांच घंटे देरी से रवाना हुई दिल्ली फ्लाइट

इंदौर. इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल (airport) पर कल दोपहर इंडिगो एयर लाइंस (Indigo Air Lines) की फ्लाइट (flight) से दिल्ली जाने वाले यात्रियों (passengers) को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली जाने के लिए यात्री विमान में सवार (boarded) हुए और विमान उड़ान भरने की तैयारी में ही था, तभी विमान के पहिए में खराबी आ गई। इसके चलते सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया और दूसरे विमान से पाट्र्स बुलवाकर सुधार के बाद विमान को सवा पांच घंटे देरी से रवाना किया गया। इस दौरान परेशान हो रहे यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयर लाइंस की दिल्ली से दोपहर 3.05 बजे इंदौर आकर 3.35 बजे जाने वाली उड़ान (6ई-5088) कल तय समय पर इंदौर पहुंची। वापसी के लिए विमान में 146 यात्रियों को बैठाया गया। उड़ान भरने से पहले इंजीनियरिंग का फाइनल चेक चल ही रहा था, तभी पायलट को विमान के पिछले पहिए में खराबी के संकेत मिले। इस पर पायलट ने तुरंत टीम को इसकी जानकारी दी। टीम ने जांच के बाद पहिए से लगे एक पार्ट खराब होने की पुष्टि की। इसका तुरंत सुधार संभव ना होने के चलते यात्रियों को विमान से उतारकर दोबारा टर्मिनल में भेजा गया।

दोपहर से रात तक इंतजार करते रहे यात्री
अधिकारियों ने बताया कि इस विमान के पहिए के खराब हुए पाट्र्स का सुधार संभव नहीं था, न ही ये इंदौर में उपलब्ध थे। इस पर टीम ने दिल्ली संपर्क करते हुए इंदौर आने वाली अगली उड़ान से पाट्र्स भेजने बात कही। इस पर शाम 6.55 बजे दिल्ली से आई फ्लाइट से विमान के पाट्र्स इंदौर लाए गए, साथ ही में कुछ इंजीनियर्स भी यहां पहुंचे। तुरंत विमान का सुधार शुरू किया गया। सुधार पूरा होने के बाद यह विमान तय समय से करीब सवा पांच घंटे देरी से रात 8.50 बजे इंदौर से रवाना हुआ। फ्लाइट के काफी लेट होने पर परेशान हो रहे यात्रियों ने हंगामा भी किया। सबसे ज्यादा परेशान वे यात्री हुए जिनकी दिल्ली से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट्स थी। कंपनी के विमान इससे पहले भी कई बार खराब हो चुके हैं, जिससे लगातार यात्रियों परेशानी उठाना पड़ रही है।

Leave a Comment