मुंबई से नागपुर जा रहा विमान खराब मौसम के चलते इंदौर पहुंचा

मौसम ठीक होने पर दो घंटे बाद हुआ रवाना, विमान में ही परेशान होते रहे 182 यात्री

इन्दौर। देश के कई शहरों में एक बार फिर मौसम बिगड़ रहा है। इसके कारण हवाई यातायात (air traffic) भी प्रभावित हो रहा है। कल नागपुर में खराब मौसम के चलते मुंबई से नागपुर जा रहे विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई और उसे डायवर्ट (Divert) कर इंदौर लाया गया। मौसम ठीक होने पर करीब दो घंटे बाद विमान इंदौर से नागपुर रवाना हुआ। इस दौरान विमान में सवार यात्री परेशान होते रहे।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट (एआई-629) शाम 7.20 बजे मुंबई से रवाना होकर 8.55 बजे नागपुर पहुंचती है और नागपुर से 9.30 बजे वापस मुंबई के लिए रवाना होती है। कल यह फ्लाइट 7.50 बजे मुंबई से रवाना हुई। जब यह नागपुर के समीप पहुंची तो वहां तेज हवाओं और बारिश के चलते खराब मौसम को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी। कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद भी जब मौसम ठीक नहीं हुआ तो विमान को डायवर्ट कर इंदौर लाया गया। फ्लाइट रात 9.40 बजे इंदौर पहुंची। विमान में 182 यात्री सवार थे। यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया और मौसम साफ होने पर रवाना होने की बात कही गई।

विमान में हंगामा, 6 यात्री यहीं उतरे
एक घंटे इंतजार के बाद भी जब मौसम साफ नहीं हुआ, तब परेशान यात्रियों ने विमान से उतारकर टर्मिनल ले जाने की बात कही, लेकिन रात के समय एयर इंडिया का स्टाफ मौजूद न होने और सुरक्षा कारणों से यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया। इस पर यात्री विमान में ही हंगामा करने लगे। अधिकारियों ने उन्हें कहा कि अगर कोई यात्री इंदौर में ही उतरना चाहता है तो उतर सकता है, लेकिन बाद में उसे दोबारा विमान में नहीं बैठाया जाएगा। इस पर 6 यात्री इंदौर में ही उतरने को तैयार हो गए। कंपनी ने इन्हें यहीं उतार दिया। वहीं शेष 176 यात्री विमान में ही बैठे परेशान होते रहे। मौसम साफ होने के बाद रात 11.30 बजे यह फ्लाइट इंदौर से रवाना हुई और 12.40 बजे नागपुर पहुंची। तब यात्रियों ने चैन की सांस ली। विमान के देरी से नागपुर पहुंचने के कारण रात 9.30 बजे नागपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रात 1.11 बजे रवाना हो सकी, जिससे नागपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Comment