10 फीट ऊंचे सेमल के 100 पौधे रोपने का कार्य शुरु

उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय के आईएमए परिसर में आज सुबह से सेमल का सघन वन रोपने का अभियान प्रारंभ हुआ। शनिवार सुबह 7 बजे शहर की हरिओम वृक्ष मित्र समिति के सदस्य वाग्देवी भवन के समीप स्थित इस उपवन में पहुंचे और सेमल के 10 से 12 फीट के 100 पौधों को रोपने का अभियान आरंभ किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की उज्जैन इकाई ने 100 पौधे समिति को भेंट किए हैं। समिति ने शनिवार और रविवार को सभी 100 पौधे रोपने के लिए पहले से ही गड्ढे तैयार कर रखे थे। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उत्साह से पौधों को रोप रहे थे।


समिति के अजय भातखंडे के अनुसार एसोसिएशन के डॉ विजय अग्रवाल एवं साथियों ने नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराए हैं। इससे विक्रम विश्वविद्यालय में सेमल का वन कुछ वर्षों में विकसित हो जाएगा। उल्लेखनीय कि समिति बीते वर्षों से शहर में सघन वन विकसित करने का बीड़ा उठाए हुए है। 2 वर्ष से विक्रम विश्वविद्यालय के अलग-अलग हिस्सों में उपवन तैयार किए जा रहे हैं। इस गर्मी में चार बार शरारती तत्वों ने आग लगा दी थी जिससे सैकड़ों पौधे जल गए थे। दोबारा समिति विश्वविद्यालय के प्रांगण को हरा-भरा करने में जुट गई है।

Leave a Comment