Celebs Attacked: इस सितारों पर सरेआम हो चुका है हमला, किसी को लगी गोली तो किसी पर विदेश में हुआ हमला

मुंबई। बॉलीवुड सितारों के फैंस दुनियाभर में फैले हैं, जो उनकी पल-पल की अपडेट से रूबरू होना चाहते हैं। ये फैंस अपने पसंदीदा सितारों की दीवानगी के लिए किसी भी हद तक गुजरने के लिए तैयार रहते हैं। फिर चाहे इन सितारों के नाम पर रेस्टोरेंट खोलना हो या फिर मंदिर बनवाना। लेकिन कई बार फैंस का पागलपन इस हद तक गुजर जाता कि सेलेब्स को भारी पड़ जाता है।

कई बार हस्तियों को अपने फैंस की उम्मीदों पर खरा न उतरने की कीमत चुकानी पड़ी है, तो कुछ ऐसे भी सितारे हैं, जिनके दोस्तों ने ही उन्हें सरेआम जलील किया था और उन पर हाथ उठाया था। हाल ही में भोजपुरी अभिनेत्री और सिंगर निशा उपाध्याय को फैंस के पागलपन की कीमत चुकानी पड़ी, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है इससे पहले भी कई बार सरेआम हमले हो चुके हैं। चलिए जानते हैं इस लिस्ट में किस-किस का नाम शामिल है…

निशा उपाध्याय : भोजपुरी सिंगर और अभिनेत्री निशा उपाध्याय जब सेंदुआर गांव में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंची, तो लोगों का उत्साह उन पर भारी पड़ गया। दरअसल, भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को इस कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान पैर में गोली लग गई। पैर में गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गोली निकाल दी गई और अब वह ठीक हैं।

गौहर खान : टीवी के मोस्ट कॉन्ट्रोवर्शियल शो ‘बिग बॉस 7’ को जीतने के बाद गौहर खान घर-घर में मशहूर हो गई थीं। रियलिटी शो जीतने के बाद गौहर अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रमों में जाने लगी थीं। ऐसे में इस तरह के एक कार्यक्रम के दौरान एक फैन ने अभिनेत्री को सरेआम थप्पड़ मार दिया था। दरअसल, इस कार्यक्रम में गौहर खान शॉर्ट ड्रेस पहनकर पहुंची थीं, जो उस व्यक्ति को बिल्कुल भी पसंद नहीं आई थी। वह गौहर के पहनावे से नाराज था, उसे लगता था कि यह ड्रेस धार्मिक आस्थाओं के अनुरूप नहीं थी।

सलमान खान : बॉलीवुड के भाईजान अगर अपनी दरियादिली के लिए मशहूर हैं, तो इसके साथ ही वह अपने गुस्से के लिए जाने जाते हैं। लेकिन एक बार कुछ ऐसा हुआ था, जिस पर यकीन कर पाना थोड़ मुश्किल है। दरअसल, हमारे दबंग खा एक पार्टी में खुद हिंसा का शिकार बन गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान को दिल्ली में एक प्राइवेट पार्टी में एक लड़की ने शराब के नशे में थप्पड़ मारा दिया था। खबरों के अनुसार अमीर बिल्डर की बेटी ने सुष्मिता सेन, सोहेल खान और अन्य गेस्ट को भी गालियां दी थीं।

आदित्य नारायण : सिंगर उदित नरायण के बेटे आदित्य नारायण कई शोज होस्ट करते हैं। हसमुख स्वभाव के आदित्य नारायण विवादों से भी दूर रहना पसंद करते हैं। लेकिन एक बार उनके साथ भी मारपीट हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य नारायण की बात से नाराज एक लड़की ने एक पब में सभी के बीच में उन्हें थप्पड़ मार दिया था।

मल्लिका शेरावत : इमरान हाशमी के साथ ‘मर्डर’ में नजर आईं मल्लिका शेरावत अपने बोल्ड अवतार के लिए जानी जाती हैं। अभिनेत्री बढ़ती उम्र के बाद भी अपने आप को फिट रखने के लिए सुर्खियां बटोरती हैं। फैंस के सामने अपनी बेबाक राय रखने वाली मल्लिका शेरावत पर विदेश में हमला हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मल्लिका के पेरिस अपार्टमेंट के पास करीब तीन नकाबपोश लोगों ने उन पर हमला कर दिया था।

अमन धालीवाल : जाने-माने टीवी एक्टर और पंजाबी फिल्मों में काम कर चुके अमन धालीवाल को लेकर पिछले दिनों चौंकाने वाली खबर सामने आई थी। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक जिम में उन पर एक सिरफिरे शख्स ने कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस हमले में अमन बुरी तरह से घायल हो गए थे। अभिनेता को खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Leave a Comment